देवरिया । DoubleMurder यूपी का देवरिया जिला मंगलवार रात दोहरे मर्डर से थर्रा गया। यहां मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव दो युवकों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। एक युवक का गला रेता गया था, जबकि दूसरे के पेट पर चाकू से वार किया गया था। दोनों युवक शाम करीब सात बजे मेला देखने के लिए घर से निकले थे। आधी रात यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों युवकों के शव पड़े मिले।
रात में ही एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कीं। मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के इटहुरा हजाम निवासी विनय यादव और करजहां निवासी वकील यादव के रूप में हुई है। विनय यादव गोरखपुर विकास प्राधिकरण में कार्यरत था। वह दशहरे पर घर आया था। वहीं, वकील यादव रेलवे में ग्रुप डी के पद पर लार रोड में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वकील यादव की सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ड्यूटी थी।
ड्यूटी के बाद गए थे मेला देखने
बता दें कि वकील यादव ड्यूटी पूरी करने के बाद घर पहुंचा था। मंगलवार की शाम करीब सात बजे विनय यादव और वकील यादव मेला देखने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद रात में बढ़या हरदो गांव के सामने दोनों की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने दोनों युवकों पर चाकू से वार किए थे। एक युवक का गला रेता गया था, जबकि दूसरे के पेट पर चाकू से वार किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर मईल थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां दोनों युवकों के शव पड़े मिले। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर एसपी भी रात में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कीं। पुलिस ने रात में ही दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।उधर, दोनों युवकों की हत्या की जानकारी मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
