मुंबई।Body Dumped in Blue Drum यूपी के मेरठ में हुई दिल दहलाने वाली वारदात की तरह मुंबई में भी ऐसा ही मामला सामने आया। यहां एक महिला ने पत्नी और भाई के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या करके शव को नीले ड्रम में भरकर फेंक दिया। इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत एक गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुई। मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान एक दिन दादर जाने की बात कहकर अपने घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार की चिंता बढ़ गई।रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां काफी खोजबीन करने के बाद भी जब अरबाज का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया और बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
कॉल डिटेल्स ने खोला राज
मुंब्रा पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू कीं, तो मोबाइल की काल डिटेल और मोबाइल लोकेशन ने अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा दिया। अरबाज के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और आखिरी लोकेशन खंगाली। जांच में सामने आया कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। चौंकाने वाली बात यह थी कि ठीक उसी समय उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की मोबाइल लोकेशन भी उसी दायरे में पाई गई। इसी शक के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करने के लिए लगातार कहानियां गढ़ती रही, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने टूटकर जो सच उगला, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए।
पुलिस पूछताछ में मेहजबीन ने कबूल किया कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था। उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से मोटी रकम ऐंठने और उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। साजिश के मुताबिक, अरबाज को पैसों के बहाने वर्सोवा बुलाया गया। जब वहां पैसे नहीं मिले, तो आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। अरबाज के हाथ-पैर बांध दिए गए और प्लास्टिक के भारी पाइप से उसे तब तक बेरहमी से पीटा गया, जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या को अंजाम देने के बाद, आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए एक बड़ा हरा ड्रम लेकर आए। लाश को उस ड्रम में ठूंसा गया और पहचान छुपाने व सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसे मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया।
प्रेमिका और भाई सलाखों के पीछे
मुंब्रा पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित तकनीकी तफ्तीश की वजह से इस ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ का पर्दाफाश हो सका। पुलिस ने नाले से शव से भरा वह हरा ड्रम बरामद कर लिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमिका मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घिनौने अपराध में शामिल मेहजबीन का पति हसन और उनका एक अन्य साथी मुजम्मल पठान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
