उन्नाव। Wife Murder घर वाली ने बाहर वाली से इश्क फरमाने का विरोध किया तो नाराज युवक ने पत्नी को जहर देकर मार डाला। पत्नी की मौत के बाद आरोपी घर छोड़कर नौ दो ग्यारह हो गया। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने आरोपी की प्रेमिका के घर को घेर लिया और हंगामा किया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के साथ ही गांव के बाहर खेत से हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार थाना क्षेत्र के जगतखेड़ा निवासी कंधई लाल ने बताया कि उनकी बेटी आरती (40) निसंतान थी। दामाद गंगादीन के शादीशुदा पड़ोसी महिला से अवैध संबंध थे। आरती इसका विरोध करती थी, जिससे दोनों में आए दिन विवाद होता था। रविवार रात आरती ने पति को महिला के घर की तरफ से आते देखा तो झगड़ा हुआ। इसके बाद गंगादीन ने आरती को जहर दे दिया और मौके से भाग गया। सोमवार सुबह घर का दरवाजा बंद होने और किसी के बाहर न निकलने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो आरती मृत पड़ी थी।
जहर देकर पत्नी को मारा
इस पर मायके वालों को सूचना दी। पिता कंधई लाल व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और कथित प्रेमिका का घर घेर लिया। सूचना पर सीओ मधुपनाथ मिश्रा, कोतवाल फोर्स के साथ पहुंचे और प्रेमिका को हिरासत में ले लिया। बाद में गंगादीन को भी खेत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्यारोपी और उसकी कथित प्रेमिका को भी कोतवाली लाई। पिता ने पुलिस को बताया कि दामाद, उसकी तीन बहनें और प्रेमिका आरती को परेशान करती थीं। कई बार मारपीट भी की। रविवार की रात जहर देकर उसकी हत्या कर दी।
कोतवाल राजपाल ने बताया कि पिता की तहरीर पर हत्यारोपी पति गंगादीन, उसकी तीनों बहनों के साथ कथित प्रेमिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव का खेत में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। हत्यारोपी पति और कथित प्रेमिका हिरासत में हैं। जांच की जा रही है।
सीओ ने शांत कराया
मायके पक्ष से आई महिलाओं का हंगामा देख पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो वह पुलिस से ही उलझ गईं। पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई। मामला बढ़ता देख सूचना सीओ को दी गई तो उन्होंने खुद पहुंच मोर्चा संभाला और महिलाओं से बात कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। मृतका की भाभी सुनीता और अन्य परिजनों का आरोप है कि पुलिस हत्यारोपियों से मिली हुई है। सीओ के भरोसा दिलाने के बाद सभी शांत हुईं।
चंदौली में तीन हत्या कर सनसनी मचाने वाला Psycho Killer पुलिस की गोली से ऐसे हुआ ढेर
