चंदौली। यूपी के चंदौली जिले में 24 घंटे में तीन हत्या करके सनसनी मचाने वाला Psycho Killer रविवार रात पुलिस की गोली से ढेर हो गया। पुलिस अब इन हत्याओं की कड़ियों को जोड़ने का काम कर रही है। बता दें कि साइको कीलर ने सबसे पहले रविवार सुबह पैसेंजर ट्रेन में युवक की हत्या की फिर रात 1:30 बजे जम्मूतवी ट्रेन में अंधाधुंध गोलियां चलाईं और अगली सुबह अस्पताल में महिला को मार डाला। इसके बाद सोमवार रात करीब 11 बजे दरियापुर में सीन रीक्रिएशन के दौरान वह पुलिस की पिस्टल छीनकर भाग रहा था,जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने गोली चला दी, गोलीबारी में एक एसआई और जीआरपी का सिपाही भी घायल हो गए, वहीं जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
शराब पीने का आदी थी हत्यारा
डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण ने बताया कि अमृतसर के रहने वाले गुरप्रीत सिंह ने पहली वारदात रविवार सुबह 6.45 पर पैसेंजर ट्रेन में अंजाम दी थी। जिसमें उसने ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में चढ़कर गाजीपुर के रहने वाले 34 साल के मंगरू की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह 10 मई की रात 1:30 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार हुआ और बिहार के गया के दिनेश साहू पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी,जिससे उसकी जान चली गई।
अस्पताल में दिया वारदात को अंजाम
दो वारदातों को अंजाम देने के बाद वह पैदल घूमता रहा, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मुगलसराय के जीवक अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टर से इलाज कराने के लिए पर्ची बनवाई और उसके बाद वार्ड में घुस गया। वहां भर्ती महिला लक्ष्मीना देवी के सिर पर रिवाल्वर रखकर गोली चला दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को वॉर्ड बॉय और बाकी लोगों ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया था। उसके पास से पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर, डबल बैरल बंदूक और कारतूस बरामद किए थे।आरोपी ने पूछताछ में तीन हत्याएं करने की बात कबूल की।
पूछताछ में पता चला कि गुरप्रीत सिंह ने 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी। 29 अप्रैल को नौकरी के लिए पंजाब से बिहार के आरा गया था। वहां शराब की लत के कारण उसे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया था। वह 9 मई को ट्रेन से प्रयागराज गया और फिर चंदौली आ गया। वहीं एसपी चंदौली आकाश पटेल ने बताया कि अस्पताल में महिला की हत्या के आरोप में गुरप्रीत को हिरासत में लिया गया था। वह सेना में रह चुका था। आरोपी को शराब पीने की लत थी। जिले में हुई तीनों हत्याओं की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं इस संबंध में डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण ने बताया कि देर रात वह सीन रीक्रिएशन के दौरान पिस्टल छीनकर भाग रहा था। तब उसे गोली लगी। साइको किलिंग के एंगल से पुलिस जांच कर रही है। कहीं और भी घटना की है तो उसकी भी जानकारी जुटा रहे हैं। उसके पास से हथियार बरामद हुए थे।
Murdered on Train: चंदौली में चलती ट्रेन में युवक की हत्या करके फरार हो गए बदमाश,वजह तलाश रही पुलिस
