बुलंदशहर। Triple Murder in Bulandshahr यूपी का बुलंदशहर जिला शनिवार रात ट्रिपल मर्डर से सहम गया। जिम में पार्टी के दौरान मामूली विवाद में आरोपियों ने भाजपा नेता के भाईयों और भतीजे को गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। जानकारी होते ही डीआईजी कलानिधि नैथानी पुलिस टीम के साथ पहुंची जांच पड़ताल के दौरान 15 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं एक साथ तीन लोगों की मौत से बीजेपी नेता के घर में कोहराम मचा हुआ है।
गाली देने से बिगड़ी बात
सुभाष मार्ग पर लाल कुंआ मोहल्ला निवासी संजय सैनी वार्ड 24 से सभासद हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात घर से 300 मीटर दूरी पर आरजेएस फिटनेस जिम में फूटा दरवाजा मोहल्ला निवासी जीतू सैनी की जन्मदिन पार्टी थी, जिसमें जिम में आने वाले सभी युवक आमंत्रित थे। इसमें उनका चचेरा भाई अमरदीप (35) भी गया, जो जीतू का खास दोस्त था। अमरदीप अपने साथ संजय के सगे भाई मनीष (32) और अपने भतीजे आकाश (19) को भी लेकर गया था। रात 11 बजे जीतू सैनी और अमरदीप के बीच विवाद हो गया, जिसमें अमरदीप ने गाली गलौज की। इस पर जीतू सैनी नाराज हो गया। जन्मदिन पर गाली देने की बात को लेकर जीतू नाराज हो गया। वहीं अमरदीप के साथ मनीष ने भी जीतू के साथ काफी गाली गलौज की। इससे जीतू नाराज होकर घर गया। करीब एक घंटे बाद अपने साथियों के साथ जिम पर पहुंचा। जीतू भाई की लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहली मंजिल पर बनी जिम में गया, जहां मनीष, अमरदीप और आकाश एक साथ बैठे हुए थे। जीतू ने तीनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।गोली बारी होते देख आकाश ने भागने का प्रयास किया, लेकिन दस कदम दूरी पर उसके भी सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
गोली चलते ही जिम में अफरातफरी मच गई। सभी युवक जान बचाने को अलग-अलग मशीन के पीछे छिप गए। इसके बाद जीतू ने जिम में लगे सीसीटीवी का डीवीआर निकाला और वहां से भाग गया। गोली चलने की सूचना पर पुलिस व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रिपल मर्डर घटना को लेकर बुलंदशहर पुलिस महकमा सतर्क हो गया। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के नेतृत्व में छह क्षेत्राधिकारी समेत अलग-अलग थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वहीं, करीब पौने तीन बजे डीआईजी कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही पीड़ित परिवार से वार्ता कर घटना की सारी जानकारी ली।
पहले से चल रहा विवाद
सूत्रों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा है, दरअसल मृतकों के घर के पास स्थित सैनी धर्मशाला को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है, जिसमें एक पक्ष से संजय सैनी हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से आरोपी जीतू सैनी के दोस्त के पिता हैं। विवाद के चलते धर्मशाला कई वर्षों से बंद पड़ी है। आरोपी जीतू सैनी बसपा से नगर अध्यक्ष भी रह चुका है। ऐसे में पुलिस राजनीतिक विवाद को लेकर भी जांच कर रही है।
जिम में चल रही थी शराब पार्टी
घटना स्थल की जांच कर रहे सीओ शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर शराब पीने का मामला सामने आया,जहां शराब के क्वार्टर और बियर की कैन मिली। साथ ही जिम के कारपेट पर जली व अधजली सिगरेट मिली हैं। इससे प्रतीत हो रहा है जन्मदिन पार्टी के दौरान युवक शराब पी रहे थे। डीआईजी कलानिधि नैथानी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुआ विवाद सामने आया है। इसमें पिस्टल से तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के कारण व आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जांच कर रही हैं। इसमें छह टीम गठित की गई है।
दो की हो चुकी थी शादी
संजय सैनी ने बताया कि उनका सगा भाई मनीष व चचेरा भाई अमरदीप खेती कर परिवार का पालन पोषण करते थे। वहीं, आकाश फिलहाल नौकरी की तलाश कर रहा था। मनीष की दो साल की बेटी गोनाक्षी है और अमरदीप के पांच साल का बेटा गोलू व डेढ़ साल की बेटी है। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार में एक साथ तीन मौत होने के घर पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने कहा कि अभी घटना से जुड़े 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसमें पुलिस टीम हत्या के सही कारण की जांच कर रही है। साथ ही जिम के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की तलाश की जा रही है।
