जाैनपुर। MurderOverLand : यूपी के जौनपुर जिले में बुधवार को मात्र 65 डिसमिल जमीन के लिए आशा कार्यकर्ता की पीट—पीटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को मौसेरे भाई ने अपनी दो बेटियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। ASHA worker की हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह दिल दहलाने वाली वारदात जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव की है। यहां की विवादित जमीन की जोताई को लेकर हुए विवाद में भाई के सामने आशा संगिनी चेतना सिंह की हत्या कर दी गई। गांव में तनाव देखते हुए तीन थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है। मौके पर पहुंचीं एसडीएम ने घटनास्थल की जांच की है। मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
65 डिसमिल जमीन के मालिकाना हक को लेकर संदीप सिंह और ओम प्रकाश सिंह का परिवार बुधवार को सुबह आमने-सामने आ गया। आशा संगिनी चेतना सिंह (46) के भाई संदीप सिंह ने बताया उनके पिता स्वर्गीय रत्नाकर नन्हे सिंह ने अपने मौसा जय नारायण सिंह से गांव में ही 65 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री 2003 में पत्नी सुदामा सिंह के नाम पर कराई थी। जमीन का नामांतरण मां सुदामा सिंह के नाम पर हो चुका है। विक्रेता जय नारायण सिंह की मौत के बाद उनके पुत्र ओम प्रकाश सिंह ने न्यायालय में बैनामा निरस्तीकरण के लिए आवेदन किया है।
न्यायालय में चल रहा मामला
इस मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। इसी बीच बुधवार सुबह ओमप्रकाश सिंह उनकी बेटियां रीटू सिंह व रोमा सिंह ट्रैक्टर से खेत की जोताई करने पहुंच गईं। संदीप बहन चेतना सिंह के साथ घटनास्थल पर उन्हें खेत जोतने से मना किए। संदीप ने बताया कि ओमप्रकाश ने बेटियों के साथ मिलकर उनकी बहन चेतना सिंह की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होकर घटनास्थल पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने चेतना सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी बदलापुर रानी गरिमा जायसवाल भी पहुंचीं और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। घटनास्थल पर सीओ सुनील तिवारी, नायब तहसीलदार हरेंद्र सिंह, सुजानगंज, बदलापुर, सिंगरामऊ पुलिस टीम मौजूद रही। थानाध्यक्ष महराजगंज तरुण श्रीवास्तव का कहना है इस मामले में पिता और उनके दोनों बेटियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। हत्यारोपी पिता ओमप्रकाश सिंह, उनकी पुत्री रीटू व रोमा सिंह को पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
HusbandMurder: छह साल का मासूम बोला, पापा ने मम्मी को फोन पर बात करने से रोका तो चाकू से गोदा
