पटना। बिहार में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा के दिन पटना के PatliputraJunction पर अभ्यर्थियों ने खूब उत्पात मचाया। दरअसल ट्रेन के विलंब होने से नाराज हजारों अभ्यर्थी स्टेशन परिसर में प्रदर्शन करना शुरू कर दिए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अभ्यर्थियों ने तोड़फोड़ करते हुए पथराव किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिश की तो उग्र अभ्यर्थी पुलिस पर भी हमला करने लगे, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
केंद्र पर देर से पहुंचने का डर
जंक्शन पर मौजूद लोगों ने बताया कि मद्यनिषेध विभाग की यह भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई है। पहली पाली की परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही पाटलिपुत्र स्टेशन पर हजारों अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुटी थी। ट्रेन के घंटों लेट होने के कारण अभ्यर्थियों में परीक्षा छूटने का डर और आक्रोश बढ़ता गया, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। अभ्यर्थियों और पुलिस व आरपीएफ के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। उग्र भीड़ ने स्टेशन परिसर के साथ-साथ परीक्षा स्पेशल ट्रेन में भी जमकर तोड़फोड़ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को मोर्चा संभालना पड़ा।
आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि स्टेशन परिसर में करीब दो से तीन घंटे तक हंगामा चला। पहली पाली के अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने की चिंता थी, जिसके चलते वे आक्रोशित हो गए। पथराव की इस घटना में सुरक्षा बल के कुछ जवान घायल हुए हैं। उग्र भीड़ को नियंत्रित और तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। स्थिति पर काबू पाने के लिए चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग की। इसके बाद अभ्यर्थी पीछे हटे और हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए। इस हिंसक झड़प के बाद पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
डीएम ने कहा, स्थिति सामान्य
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि करीब आधी रात को हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं। हमने उन्हें बार-बार समझाने और सहयोग करने की अपील की, ताकि परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार इमरजेंसी चेन खींच रहे थे और विशेष ट्रेन चलाने जैसी विभिन्न मांगें कर रहे थे, जबकि वहां पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध थीं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को भी रोकने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। डीएम ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेल परिचालन भी सामान्य रूप से जारी है।
Azamgarh में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में घुसी, चार लोगों की मौत, एक गंभीर
