सुल्तानपुर। Murder Of Teacher Couple यूपी का सुल्तानपुर जिला मंगलवार सुबह दोहरे हत्याकांड से दहल गया। सोमवार देर रात पति-पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पर सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। मौके से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद हुआ है। यह वारदात कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुमही डंडिया गांव की है। यहां मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह की हत्या हुई है। बताया गया कि मुकेश वर्ष 2013 से लगातार प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतिगरपुर के अध्यक्ष थे। वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय, खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वहीं उनकी पत्नी विनीता निजी इंटर कॉलेज संचालित करती थीं। वह पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 11 से प्रत्याशी भी रही थीं। वारदात के समय पति-पत्नी अपने पैतृक आवास स्थित निजी विद्यालय परिसर में सो रहे थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि विनीता की हत्या विद्यालय के कमरे में की गई। इसके बाद मुकेश जान बचाकर भागे तो हमलावरों ने करीब 150 मीटर दूर विद्यालय परिसर में उन्हें भी घेरकर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है।
जांच में जुटी पुलिस
मुकेश वर्ष 2002 में गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान शुरू करने के बाद पत्नी के साथ वहीं रहते थे। वह पहले शिक्षामित्र थे। वर्ष 2009 में सहायक अध्यापक बने थे। उनका इकलौता बेटा अभ्युदय (20) दिल्ली के विश्वविद्यालय में पढ़ रहा है। मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई अवधेश सिंह पीजी कॉलेज, गाजीपुर में शिक्षक हैं। अखिलेश सिंह लखनऊ को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ हत्या के कारण और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

One thought on “Murder Of Teacher Couple: शिक्षक संघ के अध्यक्ष और पत्नी की धारदार हथियार से वार करके की गई हत्या”