मुरादाबाद। rain लौटते मानसून एक बार फिर पूरे प्रदेश को तर बतर कर दिया। इससे भले ही धरती की कोख को भरपूर्ण पानी मिल गया हो, लेकिन किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ा। धान, गन्ना और उड़द की फसल जलभराव से गिर गई। जहां धान और गन्ने की फसल गिर गई, वहीं उड़द की फसल जलभराव से जम जाएगी। मुरादाबाद मंडल में करंट से एक संविदाकर्मी लाइनमैन और एक हलवाई के बेटे की जान चली गई। वहीं, मुरादाबाद और संभल में मकान गिरने से महिला समेत चार बच्चे घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सैकड़ों मकान गिर गए कई लोग घायल हो गए।
मुरादाबाद मंडल में शहर व देहात समेत रामपुर, संभल और अमरोहा में शनिवार को दिनभर बारिश से जनजीवन पर खासा असर पड़ा। माैसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद एक दिन पूर्व ही प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी थी। सुबह से देर शाम तक चली बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव के कारण आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी।
सबसे अधिक रामपुर में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मंडल में सबसे अधिक बारिश रामपुर जिले में 163.4 एमएम रिकार्ड की गई। मुरादाबाद में 110 एमएम, अमरोहा में 70 एमएम और संभल में 77.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण मुरादाबाद के बंगला गांव मोहल्ले में बिजली के खंभे में करंट आने से एक हलवाई के बेटे की जान चली गई।दूसरी ओर रामपुर जिले में टांडा कस्बे के भव्वलपुरी मोहल्ले में बिजली ठीक करते समय करंट लगने से एक संविदाकर्मी लाइनमैन की माैत हो गई। मुरादाबाद में नगर पंचायत पाकबड़ा के वार्ड-15 स्थित बुध बाजार मोहल्ले में लगातार हो रही बारिश के दौरान एक मकान भरभराकर गिर गया।हादसे में महिला अनीसा बेगम गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दाैरान घर में मौजूद उनकी चार बेटियां और एक बेटा बाल-बाल बच गए।
यूपी में 57 की मौत, सैकड़ो मकान क्षतिग्रस्त
प्रदेश में बृहस्पतिवार आधी रात के बाद शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार शाम तक भी नहीं थमा। इतना बरसा कि बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। कई जगह कच्चे मकान ढह गए। जगह-जगह पेड़, पोल गिरने से रास्ते बाधित हो गए। बिजली के पोल उखड़ने और लाइन टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। बारिश के कारण हुए हादसों में प्रदेश भर में 57 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश के संकेत हैं। मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और बरेली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। तराई के नौ अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
