भिंड।EightLaborersDead : एमपी के भिंड में सोमवार देर रात सड़क पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई, हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे है। यह हादसा भिंड-ग्वालियर रोड पर छीमका गांव के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद पहुंचाया गया।
गोहद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी महेंद्र गौतम समेत चौराहा, गोहद और एंडोरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
गायों के झुंड को बचाने के चक्कर में हुई दुर्घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा देर रात करीब एक बजे के आसपास हुआ। दरअसल हाईवे के बीचों-बीच गायों का एक झुंड बैठा हुआ था। सड़क पर बैठी इन गायों को बचाने के प्रयास में ही पिकअप चालक ने नियंत्रण खो दिया। गाड़ी सीधे सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना का शिकार हुए सभी मजदूर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी हैं। ये सभी लोग मध्य प्रदेश में धान की रोपाई की मजदूरी करने के लिए आए हुए थे। सीजन का काम पूरा होने के बाद वे सभी एक पिकअप वाहन में सवार होकर खुशी-खुशी वापस अपने गांव लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही इस दुखद हादसे का शिकार हो गए।
घायलों का इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रात में ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत गोहद के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिन मरीजों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
लखनऊ में Gen Alpha ने बुलंद की आवाज, शिक्षकों की कमी और स्कूल की व्यवस्था पर फूटा गुस्सा
