वाराणसी।AssaultOverMaggi : यूपी के वाराणसी में शनिवार देर रात एक रेस्टोरेंट में मैगी का ऑर्डर पूरा न होने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि करीब 15 युवकों पर तोड़फोड़ और मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवकों ने रेस्टोरेंट में हंगामा करने के बाद बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। वहीं इस मामले में वाराणसी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
रेस्टोरेंट संचालक के मुताबिक, देर रात कुछ युवक मैगी मांगने पहुंचे थे। रेस्टोरेंट में मैगी उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देने पर वे नाराज हो गए। देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई और मामला विवाद में बदल गया। आरोप है कि युवकों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
संचालक का यह भी आरोप है कि युवकों ने रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। आग से कार को काफी नुकसान पहुंचा। इसके बाद युवकों ने दूसरे रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को भी रास्ते में रोक लिया और हॉकी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। संचालक ने विवाद के दौरान पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों रेस्टोरेंट संचालकों की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने की बात सामने आई है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर हंगामे और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार में आग लगाने, तोड़फोड़, मारपीट और रंगदारी के आरोपों की भी जांच की जा रही है।घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ShoppingFor16Rupees : कानपुर के शोरूम में ऐसा मचा बवाल कि 16 रुपये के चक्कर में फटे लोगों के कपड़े
