जाैनपुर। CrimeNews यूपी के जौनपुर जिले में बुधवार रात को जमीन के विवाद में दो पक्षों विवाद हो गया, जो धीरे—धीरे मारपीट में बदल गया। दोनों तरफ से जमकर लाठी डंडे चल गए। लाठी लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। यह वारदात जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव की है। जहां बुधवार रात भैंस बांधने को लेकर हुए भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अधेड़ की मौत के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कौली गांव निवासी अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू का पड़ोसी दानबहादुर शर्मा और तेजबहादुर शर्मा पक्ष से बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे भैंस बांधने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें अजय कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय के घायल होने की सूचना मिलते ही उनके परिजन और रिश्तेदार अखिलेश सिंह, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह और आकृति सिंह मौके पर पहुंच गए।
गांव में पुलिस तैनात
आरोप है कि इस दौरान विपक्षी पक्ष ने उन लोगों पर भी हमला कर दिया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अजय कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी बीच तेजबहादुर शर्मा के रिहायशी छप्पर में आग लगाए जाने की भी सूचना है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
Accident after accident: घायलों की मदद को आगे पहुंचे लोगों ने एसयूवी ने कुचला, चार की मौत
