गोंडा । Accident after accident:यूपी के गोंडा जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। यहां देर रात गोंडा-लखनऊ मार्ग पर नरायनपुर भलियनपुरवा के पास पहले दो बाइकों की टक्कर हो गई, जिनकी मदद के लिए लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक बेकाबू एसयूवी लोगों को रौंदते हुए निकल गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। एसयूवी हादसे के बाद डिवाइडर पार करके दाहिने तरफ सड़क के नीचे पहुंच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
यह हुए हादसे के शिकार
हादसे की जानकारी लगते ही बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गुलशन (25) निवासी नारायनपुर मांझा, संजय कुमार तिवारी निवासी तरहटा, हसन मोहम्मद (40) निवासी नारायनपुर मांझा और इम्तियाज (27) निवासी नारायनपुर मांझा के रूप में हुई है। वहीं अलताफ (32), तबरेज आलम (20), विनय सिंह (26), अंशुमान (10) और परवेज (17) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में चल रहा है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और एसयूवी वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
दो भाइयों की मौत से गांव में पसरा सन्नाटा
नरायनपुर मांझा गांव में बुधवार की रात हुआ सड़क हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में इम्तियाज अली और उनके सगे भाई हसन मोहम्मद की एक साथ मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। दोनों भाई गांव में नाई की दुकान चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। उनकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई।
Weather News : भीषण गर्मी के बीच आंधी- बारिश ने मचाई तबाही, अंधेरे में डूबा आगरा शहर
