आगरा। Weather News: प्रदेश के साथ ही आगरा में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मंगलवार देर रात अचानक बदला मौसम अपने साथ भीषण— आंधी और बारिश लेकर आया, इस वजह से शहर की सारी व्यवस्था बेपटरी हो गई। जगह— जगह पेड़ और होर्डिंग्स गिरने से बिजली के साथ ही यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। आगरा में मंगलवार रात आठ बजे 65 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तबाही मचाई। दर्जनों दर्जनों पेड़-होर्डिंग और खंभे गिरने से सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई। शहर के कई इलाके भी अंधेरे में डूब गए।
कार पर गिरा होर्डिंग्स
सेंट जोंस चौराहे से निकल रही कार पर होर्डिंग गिर गया, जिसमें संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय, बल्केश्वर के निदेशक के परिवार के पांच लोग सवार थे। गनीमत रही कि पांचों लोग बाल-बाल बच गए। वहीं फतेहाबाद रोड शेड गिर गए, जिसमें ऑटो और बाइक सवार उलझ कर गिर गए। संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय के निदेशक रविकांत चावला ने बताया कि सेंट जोंस चौराहे स्थित हनुमान मंदिर पर उन्होंने भंडारा किया था। वह पहले ही घर से आ गए थे। उनके परिवार के सदस्यों को लेकर ड्राइवर चौराहे पर पहुंचा, तभी आंधी से भारी भरकम होर्डिंग उनकी कार पर गिर गया। हादसा देख लोग दौड़े और पांचों को कार से बाहर निकाला
30 सबस्टेशनों से जुड़े गांवों की बिजली ठप
आंधी से शहर में शास्त्रीपुरम, ग्वालियर रोड और महताब बाग के पास बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। तीनों क्षेत्रों में शटडाउन लेकर टोरंट पावर की टीमें देर रात तक मरम्मत में जुटी रहीं। देहात में 30 सबस्टेशनों से जुड़े सैकड़ों गांवों की आपूर्ति आंधी आते ही ठप हो गई। देर रात तक मरम्मत जारी रही।लादूखेड़ा विद्युत उपकेंद्र से पोषित 25 गांवों में बिजली ठप हो गई। सीकरी के गांव दाउदपुर के माजरा उत्तू में आंधी से दो विद्युत पोल टूट कर गिर गए।
बारिश से मिली राहत
भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए बारिश और आंधी राहत लेकर आई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। ताजमहल देखने पहुंचे पांच सैलानी भीषण गर्मी की वजह से उलटी-दस्त व डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से तीन दिनों तक आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस व गर्मी से राहत मिलेगी।
