कानपुर। Kidney Scandal यूपी के कानपुर में किडनी के अवैध कारोबार के खुलासे के बाद से पुलिस की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे है। पुलिस ने किडनी ट्रांसप्लांट मामले में डॉ. अफजल, डॉ. रोहित के साथी परवेज सैफी को मंगलवार देर रात पुलिस ने रावतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 10 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसके एक और साथी को भी हिरासत में लिया है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, परवेज सैफी डॉ. अफजल, डॉ. रोहित और एनसीआर के अन्य स्टाफ को कानपुर लाने का कार्य करता था। वह टीम को कार मुहैया करवाता था।
इससे पहले जेल गए शिवम अग्रवाल के मोबाइल से पुलिस को डॉ. अफजल और परवेज का वीडियो मिला था, जिसमें दोनों 500-500 की गड्डियों पर लेटे नजर आ रहे थे। ये रुपये किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाली मुजफ्फरनगर की पारुल द्वारा दिए गए थे। डॉ. अफजल ने 22 लाख रुपये लिए थे, इसमें से 10 लाख परवेज ने लिए थे। डीसीपी ने बताया कि परवेज अधिवक्ताओं के साथ सरेंडर करने की तैयारी में था, लेकिन उसको सर्विलांस से दबोच लिया गया।
लखनऊ के बड़े सर्जन का मिला कनेक्शन
किडनी ट्रांसप्लांट में लखनऊ के बड़े सर्जन का भी जांच टीम को कनेक्शन मिला है। वह किडनी ट्रांसप्लांट का विशेषज्ञ होने के साथ ही बड़े अस्पताल से जुड़ा है। पुलिस को उसकी डॉ. रोहित के साथ जान पहचान होने के कुछ साक्ष्य मिले हैं, जिससे उन पर शक की सुई घूम रही है। पुलिस सर्जन से पूछताछ कर सकती है। शहर में हुए किडनी ट्रांसप्लांट में पुलिस को आधे से अधिक आरोपियों के नाम मिल गए हैं।
पुलिस इन लोगों को भेज चुकी है जेल
उनकी तलाश में टीमें अलग-अलग शहरों में दबिश दे रही हैं। केशवपुरम स्थित आहूजा हॉस्पिटल और मसवानपुर के मेडिलाइफ हॉस्पिटल में हुए ट्रांसप्लांट में डॉ. रोहित, डॉ. अजफल, ओटी असिस्टेंट मुदस्सर अली सिद्दीकी, कुलदीप सिंह राघव, राजेश कुमार समेत अन्य शामिल थे। पुलिस आहूजा हॉस्पिटल संचालक डॉ. सुरजीत सिंह, डॉ. प्रीति आहूजा, शिवम अग्रवाल, राजेश कुमार, राम प्रकाश कुशवाहा, नरेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह राघव और राजेश कुमार तोमर को जेल भेज चुकी है।
भूपेंद्र स्वयं को बताता है डॉक्टर
पुलिस जांच में लखनऊ कमिश्नरेट से सहयोग लिया जा रहा है। कार में डॉ. रोहित, डॉ. अफजाल, परवेज सैफी के अलावा दो अन्य लोगों के होने के साक्ष्य मिले हैं। उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। लखनऊ पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। स्वरूपनगर के नर्सिंग होम में कार्य करने वाले टेक्नीशियन भूपेंद्र का भी लखनऊ के विशेषज्ञ के यहां आने जाने की जानकारी हुई है। भूपेंद्र स्वयं को डॉक्टर बताता है।
लखनऊ: बारिश से बचने निर्माणधीन बिल्डिंग में खड़ी किशोरी से पांच मजदूरों ने किया Gang Rape
