महराजगंज।murder of children सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी में तैनात में सफाई कर्मी महिला के पति ने दो बच्चों की हत्या के बाद अपनी नस काटकर खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट में तीनों की मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच रोज झगड़ा होता था।
सफाईकर्मी के पति अमरीश ने दो बच्चों कंचन (4) एवं अमरेंद्र (3) की हत्या कर जान दे दी। सुसाइड नोट में अमरीश ने पत्नी को पूरी वारदात के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।अमरीश के भाई अश्वनी की तहरीर पर बंदना समेत छह लोगों पर नामजद और एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना उत्तर प्रदेश के महराजगंज के नौतनवा में हुई।
फोनकर घर वालों को दी जानकारी
एसएसबी की 66वीं वाहिनी के मुख्यालय में बतौर सफाईकर्मी तैनात गाजीपुर जिले के मिर्जापुर क्षेत्र निवासी बंदना पति अमरीश कुमार, बेटी कंचन एवं बेटे अमरेंद्र के साथ गांधी नगर में किराए पर मकान में रहती है। रविवार सुबह 6:30 बजे वह ड्यूटी पर चली गई। कुछ देर बाद उन्हें गाजीपुर में मौजूद घर वालों से सूचना मिली कि अमरीश ने फोन किया था। फोन पर उसने अनहोनी घटना को अंजाम देने की बात कही है।बंदना ने बताया कि उसने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी और अपने सहकर्मियों के साथ मकान के लिए निकल पड़ी। बंदना के अनुसार,कमरे में पहुंचने पर देखा कि कंचन का शव रसोई घर की खिड़की में रस्सी के सहारे लटक रहा था।
अमरेंद्र का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि फंदा टूटने से वह नीचे गिर गया। वहीं, किचन से सटे कमरे के फर्श पर खून के छींटे पड़े थे। पति के बाएं हाथ की नस कटी हुई थी और उसका भी शव पंखे में कपड़ों से बने फंदे के सहारे लटका था।
सात साल पहले हुई थी शादी
कमरे का मंजर देख वहां मौजूद सभी स्तब्ध रह गए। इस बीच फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि अमरीश बेरोजगार था और घर पर ही बच्चों की देखभाल करता था। मूल रूप से मिर्जापुर थाना सैदपुर जिला गाजीपुर के रहने वाले अमरीश कुमार की शादी करीब सात वर्ष पूर्व महमूदपुर थाना जंगीपुर जनपद गाजीपुर की रहने वाली बंदना के साथ हुई थी। बंदना शादी के बाद एसएसबी में भर्ती हो गई थीं। दोनों से कंचन और अमरेंद्र दो बच्चे भी हुए।
बंदना ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी रिश्ते ठीक नहीं थे। काफी दिनों से दोनों में छोटी-छोटी बातों को लेकर भी टकराव होता था। होली के दिन भी झगड़ा हुआ था। शनिवार की रात भी दोनों के बीच जमकर कहासुनी और विवाद हुआ। अगले दिन रविवार को वह ड्यूटी पर चली गई और पति अमरीश ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। आपसी विवाद में बच्चों को मौत के घाट उतार देने की इस घटना से बंदना काफी आहत हैं।
T20 World Cup: भारत ने 96 रनों से न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया
