स्पोर्ट्स डेस्क। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम मे रविवार को खेले गए T20 World Cup के फाइनल मुकाबले में सूर्य कुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से शिकस्त देकर शानदार जीत की भारतीय टीम की इस जीत का पूरे देश ने जश्न मनाया। देर रात तक पटाखों के शोर ने जश्न को यादगार बना दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया लगातार दो टी—20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड 15वीं बार फाइनल खेलने उतरी थी। यह सफर 1983 विश्व कप से शुरू हुआ था, जब कपिल देव की कप्तानी में भारत ने पहली बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। तब से अब तक टीम इंडिया आईसीसी के बड़े टूर्नामेंटों में कुल आठ आईसीसी ट्रॉफियां अपने नाम कर चुकी है। भारत ने 2007, 2024 और 2026 में इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
टास हारने के बाद न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय सलामी जोड़ी ने शुरू से ही शानदार खेल दिखाया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसंग ने जिस गति से रन बनाना शुरू किया वह कीवियों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। शुरूआत के पांच ओवरों में लग रहा था स्कोर 300 के आसपास जाएगा, लेकिन आखिर के कुछ ओवरों में न्यूजीलैंड के गेंदबाज हावी रहे, फिर भी टीम इंडिया ने 255 रन बनाकर एक पहाड़ जैसा स्कोर दिया, जिसे न्यूजीलैंड की टीम नहीं पा सकी।
तीसरी बार विजेता बना है भारत
भारतीय टीम तीन बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है। भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं, 2024 में टीम ने रोहित शर्मा के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब जीत लिया है। टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक कोई भी टीम खिताब का बचाव नहीं कर सकी थी, लेकिन भारत ने यह कारनामा करके दिखाया।
यह टी20 विश्वकप का 10वां संस्करण था। अब तक नौ कप्तान चैंपियन बने हैं और छह देश चैंपियन बने हैं। भारत ने 2007, 2024 और 2026 में सबसे ज्यादा तीन खिताब जीते हैं। वेस्टइंडीज ने 2012 और 2016 और इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में दो-दो खिताब जीते हैं। हालांकि, खिताब के मामले में सबसे सफल कप्तान डैरेन सैमी हैं। उनकी ही कप्तानी में वेस्टइंडीज ने 2012 और 2016 में खिताब अपने नाम किया था।

भारतीय टीम को मिलाा 27.50 करोड़
टी20 विश्व कप की लोकप्रियता प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और इस टूर्नामेंट की कमर्शियल वैल्यू भी लगातार बढ़ी है। पिछले 19 वर्षों में आईसीसी ने लगातार इनामी राशि में बढ़ोतरी की है। आईसीसी ने इस बार टी20 विश्व कप के लिए कुल इनामी राशि 13.5 मिलियन डॉलर (लगभग 123.77 करोड़ रुपये) रखी है। 2024 टी20 विश्व कप की तुलना में ये करीब 20 प्रतिशत ज्यादा है। इस बार विजेता टीम को तीन मिलियन (करीब 27.50 करोड़ रुपये) और उपविजेता टीम को 1.6 मिलियन (करीब 14.67 करोड़ रुपये) मिले। विजेता और उपविजेता टीम के अलावा सेमीफाइनल में जिन दो टीमों का सफर समाप्त हुआ उन्हें एक समान 0.79 मिलियन डॉलर (करीब 7.24 करोड़ रुपये) की राशि मिली। यानी इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम को 7.24 करोड़ रुपये मिले। वहीं, पांचवें से 12वें स्थान की टीमों को एक समान 0.38 मिलियन डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) मिले, जबकि 13 से 20वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 0.25 मिलियन (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) मिले।
