मुरादाबाद। पीलीभीत में सपा कार्यालय छिनने के बाद अब मुरादाबाद में SP Office खाली कराने की नौबत आ गई है। मुरादाबाद जिला प्रशासन ने सपा कार्यालय का आवंटन निरस्त कर दिया है। भवन खाली करने के लिए सपा जिलाध्यक्ष को एक महीने की मोहलत दी गई है। यह भवन सपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के नाम से आवंटित था। उनकी मौत के बाद पार्टी की ओर से भवन के नामांतरण की कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। प्रशासन के मुताबिक पीटीसी द्वितीय के पास स्थित मकान संख्या-4 चक्कर की मिलक को 13 जुलाई 1994 को 250 रुपये मासिक किराये पर तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव दिया गया था। 953.71 वर्गमीटर भूमि पर बने इस भवन का स्वामी उत्तर प्रदेश राज्य है। जो नगर निगम मुरादाबाद के प्रबंधन में है।
नहीं कराया गया नामांतरण
दरअसल सपा की ओर से मुलायम सिंह यादव की मृत्यु के बाद इस भवन के नामांतरण के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है वर्तमान में सरकारी योजना के लिए विभाग को शासकीय जमीन और अधिकारियों के लिए आवास की जरूरत है। ऐसी परिस्थितियों में इस भवन को खाली कराया जाना जरूरी है ताकि शासकीय हित में उसका उपयोग किया जा सके। एडीएम वित्त ममता मालवीय ने सपा जिलाध्यक्ष को भेजे नोटिस में कहा वह इस भवन को नोटिस मिलने के एक माह के अंदर खाली कर उसका कब्जा व दखल जिला प्रशासन को दे दें। उसके दखल की प्राप्ति जिला प्रशासन से प्राप्त कर लें।
यदि इस नोटिस की पूर्ति नहीं की गई तो जिलाध्यक्ष के विरुद्ध इस भवन को खाली कराने के लिए सक्षम न्यायालय में वाद दायर करवाना पड़ेगा। साथ ही जिलाध्यक्ष से 1000 रुपये प्रति दिन की दर से हर्जा जिला प्रशासन वसूल करने का अधिकारी होगा। डीएम अनुज सिंह ने बताया कि भवन को खाली करने के लिए एडीएम वित्त ने सपा जिलाध्यक्ष को नोटिस भेजा है।
