झांसी। Murder of Girlfriend यूपी के झांसी जिले से एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई, यहां एक युवक ने प्रेमिका की हत्या के बाद शव को गांव के बाहर फेंक दिया, इसके बाद उसके तील साल के बेटे की हत्या के बाद शव को भूंसे में डालकर जला दिया। पुलिस को इसकी भनक लगी तो आरोपी प्रेमी को मुठभेड़ में पकड़ लिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झांसी के बरौटा गांव निवासी चतुर्भुज पटेल (40) उर्फ राजीव यहां ब्लिंकिट में काम करता था। उसका भाई संजीव प्रधान रह चुका है। चतुर्भुज की पहली पत्नी नेहा की मौत के बाद वर्ष 2015 में उसने टहरौली निवासी हेमलता से शादी कर ली। हेमलता से उसे एक पुत्र है लेकिन, कुछ समय बाद हेमलता से उसका विवाद होने लगा, तो वह दिल्ली चली गई। इसके बाद चतुर्भुज गुरुग्राम चला गया, यहां उसकी पहचान नीलू (35) से हो गई। नीलू शादीशुदा थी। उसके एक पुत्र कृष्णा (3) था। नीलू को भी उसके पति ने छोड़ दिया था। कुछ महीने पहले चतुर्भुज गुरुग्राम में जाकर नीलू के साथ रहने लगा था। चतुर्भुज पिछले सप्ताह नीलू एवं कृष्णा को लेकर यहां चला आया।
पैसे के विवाद में की हत्या
सीओ जितेंद्र सिंह के अनुसार चतुर्भुज गुस्सैल के साथ सनकी स्वभाव का है। तीन अप्रैल की रात पैसों को लेकर उसका नीलू से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर शराब के नशे में चतुर्भुज ने पास में रखी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ उसके सिर पर कई वार किए। शोर शराबा सुनकर कृष्णा जागकर रोने लगा। उस समय भी चतुर्भुज के सिर पर खून सवार था। उसने कृष्णा को भी मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों के शव को दिनभर रखे रहा। रात होने पर नीलू के शव को सड़क किनारे फेंक दिया जबकि कृष्णा के शव को रामस्वरूप के खेत में भूसे में दबा दिया था। हत्यारोपी शातिर चतुर्भुज ने पुलिस से बचने के लिए नीलू का चेहरा पत्थर से कुचल दिया था। नीलू को पूरे गांव में कोई नहीं जानता था। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसके शिनाख्त की थी। शिनाख्त के लिए पुलिस ने काफी हाथ पांव चलाए लेकिन, उसे कामयाबी नहीं मिली।
आसपास के गांव का भी कोई आदमी उस कद-काठी को देखकर पहचान नहीं सका। ऐसे में लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा ने थाने में रखे मिशन शक्ति के रजिस्टर का सहारा लिया। उसमें दर्ज महिलाओं को उन्होंने तलाशना शुरू किया। एक-एक करके पिछले करीब एक साल में शिकायत करने वाली महिलाओं से बात की। तीन दर्जन से अधिक महिलाओं से बात करते समय जब वह पन्ना नंबर 37 पर पहुंचीं तब उसमें बरौटा गांव निवासी हेमलता का नाम मिला। थाना प्रभारी सरिता मिश्रा के फोन पर हेमलता ने ही चतुर्भुज के बारे में बताया। हेमलता ने बताया कि चतुर्भुज उसका पति है। उसके दूसरी महिलाओं से संबंध हैं। विरोध करने पर शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। हेमलता ने ही पुलिस को बताया कि चतुर्भुज कुछ दिनों पहले बाहर से एक महिला और बच्चे को लेकर गांव आया है। उन दोनों के बीच विवाद की बात भी हेमलता ने पुलिस को बताई। बरौटा गांव का नाम सुनकर पुलिस का माथा ठनका।
सबूत मिटाने जलाया मासूम का शव
बेहद शातिर हत्यारोपी चतुर्भुज को जैसे ही पुलिस के गांव पहुंचने की बात पता चली, उसने जहां कृष्णा के शव को भूसे के ढेर में दबाया था, वहां मंगलवार रात पहुंचकर आग लगा दी। आग लगने के बाद भी कृष्णा का शव पूरी तरह से जल नहीं सका। उसका कुछ हिस्सा बचा रह गया था। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि चतुर्भुज का सुराग मिलने के बाद पुलिस तलाश रही थी। बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
