बिजनेस डेस्क,नईदिल्ली।MahindraFarmMachinery वॉल्यूम के लिहाज से दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता और भारत की प्रमुख कृषि उपकरण कंपनियों में शामिल महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नया कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर महिंद्रा हार्वेस्ट युवा पेश किया है। विशेष रूप से छोटे और सीमांत जोत वाले किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह हार्वेस्टर उन क्षेत्रों में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है, जहां संकरे संपर्क मार्गों के कारण बड़े हार्वेस्टर का इस्तेमाल मुश्किल होता है।
किफायती, जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल में सक्षम और चलाने तथा रखरखाव में आसान महिंद्रा हार्वेस्ट युवा की प्रमुख विशेषताओं में इसका कॉम्पैक्ट आकार, हल्का निर्माण, आसान आवाजाही और कई तरह की फसलों की कटाई की क्षमता शामिल है। इसमें धान, गेहूं, सोयाबीन और मक्का जैसी फसलें शामिल हैं, जिन्हें अर्ध-गीली और सूखी मिट्टी में उगाया जाता है। कुछ बड़े आकार के सेल्फ-प्रोपेल्ड हार्वेस्टर की तुलना में महिंद्रा हार्वेस्ट युवा की कीमत 25 फीसदी तक (अधिकतम सात लाख रुपये तक) कम है। इससे यह छोटे और मध्यम आकार के किसानों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में किराये पर कृषि मशीनें उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए भी किफायती विकल्प बनता है। नया महिंद्रा हार्वेस्ट युवा छोटे खेतों के लिए सस्ती मशीनीकृत कटाई की सुविधा उपलब्ध कराता है। यह कटाई की प्रक्रिया तेज करके पारंपरिक मैनुअल कटाई के मुकाबले उत्पादकता भी बढ़ाता है।
