मुजफ्फरनगर । Four Dead : यूपी के मुजफ्फरनगर में सोमवार रात बर्थ डे पार्टी से लौट रहे व्यापारी के परिवार की कार हादसे का शिकार हो गई, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लक्सर में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर पुरकाजी लौट रहे परिवार की कार भैंसलीवाला गांव के निकट डंपर से टकरा गई। हादसे में प्रॉपर्टी डीलर एवं उत्तराखंड में होटल कारोबारी आदेश समेत उनके परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। दो घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी निवासी आदेश के मौसा लक्सर निवासी राधेश्याम का सोमवार को 75वां जन्मदिन था। लक्सर से स्कॉर्पियो में सवार होकर आदेश अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ रात 11 बजे वापस लौट रहे थे। पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर भैंसलीवाला के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे डंपर के साथ उनकी गाड़ी टकरा गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख— पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गाड़ी से घायलों को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी लाया गया।
यहां पर डॉक्टरों ने आदेश (49), निशा (38) और उनकी बेटी श्रद्धा (10) के अलावा राखी (35) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर घायल आदेश की पत्नी रूबी, परिवार की सदस्य कुसुम को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बचाव कार्य किया गया है। घायलों को रेफर कर दिया गया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
