बिजनेस डेस्क, नईदिल्ली। BharatForge : उन्नत फोर्जिंग और प्रिसिजन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में वैश्विक कंपनी भारत फोर्ज लिमिटेड (बीएफएल) ने दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस इंजन निर्माता कंपनी प्रैट एंड व्हिटनी कनाडा के साथ दीर्घकालिक करार किया है। इसके तहत भारत फोर्ज मिशन-क्रिटिकल एयरोस्पेस इंजन कंपोनेंट्स की आपूर्ति करेगी। इन कंपोनेंट्स का निर्माण भारत फोर्ज की भारत स्थित अत्याधुनिक एयरोस्पेस फैसिलिटी में किया जाएगा।
इस सुविधा को विशेष रूप से उच्च प्रदर्शन वाले और उच्च मूल्य वाले एयरो-इंजन उत्पादों के निर्माण के लिए विकसित किया गया है। यहां उन्नत मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों का इस्तेमाल होता है और एयरोस्पेस उद्योग के लिए जरूरी गुणवत्ता, सटीकता, विश्वसनीयता और ट्रेसेबिलिटी के वैश्विक उच्च मानकों के अनुरूप संचालन किया जाता है।
भारत फोर्ज लिमिटेड के वाइस चेयरमैन और ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अमित कल्याणी ने कहा, “प्रैट एंड व्हिटनी कनाडा के साथ यह दीर्घकालिक साझेदारी वैश्विक एयरोस्पेस सप्लाई चेन में भारत फोर्ज के नेतृत्व को दर्शाती है। यह उन्नत मैन्युफैक्चरिंग, ऑपरेशनल एक्सीलेंस और उच्च गुणवत्ता मानकों के जरिए विश्वस्तरीय एयरोस्पेस समाधान देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हम प्रैट एंड व्हिटनी कनाडा के कार्यक्रमों में सहयोग करने और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में भारत की विशेषज्ञता को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।”
