अंबेडकर नगर।Four Dead यूपी के अंबेडकर नगर जिले मे शुक्रवार सुबह हुए दिल दहलाने वाले हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 85 के पास अंबरपुर टोल प्लाजा के पास हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार से आ रही एक वोल्वो बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख—पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस और राहत दल की कार्रवाई जारी है। हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की थी और दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। हादसे के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। इसी बीच बस हादसे का शिकार हो गई। बाएं हिस्से में बैठे यात्रियों के सामने मुश्किल बढ़ गई। कई यात्री क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। सड़क पर बस का मलबा बिखर गया और एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गैस कटर से बस काटकर निकाले गए यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी राहत-बचाव में मदद की। बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई।पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और सद्दरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले चार यात्रियों में से एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह बिहार के रहने वाले थे। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) की पहचान हुई है। तीनों दरभंगा, बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
