लखनऊ। अब वह जमाना गया जब छात्र खराब व्यवस्था के सामने घुटने टेक देंगे, वह अब लगातार व्यवस्थााओं को बदलने के लिए आवाज बुलंद कर रहे है। ताजा घटनाक्रम लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार रात देखने को मिला। जब कैलाश हॉस्टल की मेस में परोसे गए खाने में कीड़े निकलने की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में छात्राएं शाम साढ़े पांच बजे कुलपति कार्यालय पहुंच गईं। कुलपति और कुलसचिव के न मिलने पर छात्राएं नारेबाजी करते हुए कार्यालय के बाहर धरना देने लगीं। देर रात 01:30 बजे तक प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान तीन छात्राएं बेहोश हो गईं। इसके बाद चीफ प्रोवोस्ट ने हॉस्टल में मेस बंद करने का आदेश जारी किया।
बता दें कि छात्राओं के आक्रोश को देखते हुए कुलपति कैंपस से नदारत हो गए। रात 10:30 बजे तक कुलपति के कार्यालय न पहुंचने पर छात्राओं ने उनके आवास की ओर कूच कर दिया। आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के लिए विवि के गेट नंबर तीन पर ताला जड़ दिया गया। यहां गार्ड भी नहीं दिखे तो छात्राएं गेट नंबर चार पर पहुंचीं लेकिन वहां भी ताला लगा मिला। छात्राओं का कहना था कि देर रात तक वे अंधेरे में विवि परिसर में प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। रात 12 बजे तक 70 से अधिक छात्राएं विवि परिसर में ही मौजूद थीं। छात्राओं का कहना था कि मेस में गंदगी रहती है। करीब एक महीने से खाने में कीड़े निकल रहे हैं। पिछले दिनों कुलपति ने हॉस्टल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए थे। बावजूद इसके मेस के खाने की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान मौजूद हॉस्टल की प्रोवोस्ट डॉ. बबिता ने भी कहा कि मेस के भोजन की गुणवत्ता कुछ दिन ठीक रहती है और फिर क्वालिटी खराब हो जाती है। मेस संचालक से कई बार शिकायत पर भी सुधार नहीं हो रहा है। मौके पर चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी व प्रोवोस्ट ओपी शुक्ला के अलावा एनएसयूआई के छात्र नेता प्रिंस प्रकाश और सपा लोहिया वाहिनी के अभिषेक श्रीवास्तव बाबू आदि थे।

One thought on “LucknowUniversity : लखनऊ विवि के छात्रावास की मेस में खराब खाने पर फूटा गुस्सा, आधी रात तक छात्राओं ने दिया धरना की नारेबाजी”