नई दिल्ली। NDIAAllianceMeeting देश की राजनीति किनारे लगता विपक्षी गठबंधन अपने आपको मजबूत करने के लिए लगातार हाथ—पांव मार रहा है। इसी को लेकर राजधानी दिल्ली में बुधवार को इंडिया गठबंधन की बैठक होनी है। जिस पर विभिन्न मुददों पर चर्चा होनी है। इससे पहले मध्य दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने वाले होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग में विपक्षी नेताओं को लेकर संदेश लिखे गए हैं। बता दें कि इंडिया गठबंधन की यह बैठक चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर चल रहे विवाद के बीच हो रही है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और एसआईआर को लेकर अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करने वाले हैं।

ज्ञानेश कुमार हटाने का तीसरा प्रयास
विपक्षी गठबंधन चुनावों में मिल रही हार की वजह मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों को मान रही है। इसलिए उन्हें हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बैठक में विपक्षी दल चुनाव आयोग के कामकाज, एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर साझा रणनीति बनाने की कोशिश करेंगे। विपक्ष की ओर से ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में नया प्रस्ताव लाने की तैयारी की भी चर्चा है। यह ऐसा तीसरा प्रयास हो सकता है।
यह नेता करेंगे मंथन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक में कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शामिल हो सकते है। तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के भी पहुंचने की उम्मीद है। समाजवादी पार्टी की ओर से हरेंद्र मलिक प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। इसके अलावा आरजेडी के तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले और वाम दलों के नेता भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। कुछ नेता वर्चुअल माध्यम से जुड़ सकते हैं।

दिल्ली में क्यों लगाए गए होर्डिंग
इंडिया गठबंधन की बैठक से ठीक पहले लगाए गए होर्डिंग ने राजनीतिक माहौल को और चर्चा में ला दिया है। रिपोर्टों के मुताबिक, इन पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हुए संदेश लिखे गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन्हें किसने लगाया और इनका आधिकारिक संबंध किसी राजनीतिक दल से है या नहीं। बैठक में विपक्षी दल एसआईआर और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर साझा रुख तय करने के साथ आगे के राजनीतिक और संसदीय कदमों पर भी चर्चा कर सकते हैं।
