Jaunpur News : यूपी के जौनपुर जिले में रंजिशन एक युवक की दबंगों ने लोहे की रॉड और डंडे से पीट— पीटकर हत्या कर दी। बेटे की हत्या से नाराज परिजनों ने शव को मड़ियाहू— जौनपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर परिजनोंं का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगी। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने परिजनों को बताया कि घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि परिवार के लोग काफी आक्रोशित हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस पहुंची तो दिखा लोगों का आक्रोश
जाम और हंगामे की सूचना पर लाइन बाजार थाने की पुलिस के साथ आसपास के थानों से भी फोर्स मौके पर पहुंच गई। लाइन बाजार पुलिस को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश दिखा। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। ग्राामीणों के अनुसार, विशाल की हत्या रंजिशन की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उसे घेरकर सरिया और रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
