केरलम। Major accident in Kerala:केरलम के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात हुए एक दिल दहलाने वाले हादसे में आठ छात्रों की मौत हो गई। मृतक पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात सभी छात्र एक कार से सफर कर रहे थे। अंधेरा होने की वजह से कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। यह हादसा यहां के पास कैपामंगलम इलाके के पनम्बिकुन्नु में हुआ।टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने निकाले शव
स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। दमकल विभाग के कर्मचारियों और पुलिस ने भी इसमें मदद की। बचाव अभियान के दौरान सभी युवकों को कार से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा गया है। हादसे में शामिल कार पर तमिलनाडु का नंबर दर्ज था। पुलिस ने बताया कि मरने वाले लोग तमिलनाडु के छात्र होने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक, कार गुरुवायूर की तरफ से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। वहीं पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी हुई है, ताकि आगे की प्रक्रिया की जा सके।
