फिरोजाबाद। cruelty by female teachers : यूपी निजी शिक्षण संस्थानों की शिक्षिकाओं की क्रूरता दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। वाराणसी में पैंट में पेशाब करने के बाद शिक्षिका द्वारा बच्चे के प्राइवेट पार्ट को चाकू गर्म करके दागने का मामला ठंडा अभी तक नहीं हुआ था। अब फिरोजाबाद के कोटला रोड स्थित मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिकाओं की क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षिका ने 4 साल के बच्चे की आंख में पेंसिल घोंपकर उसकी आंख फोड़ दी, जबकि दूसरे ने उसी परिवार के बड़े बच्चे को पीटकर उसका कान का पर्दा फाड़ दिया। पिता की शिकायत पर उत्तर क्षेत्र थाना पुलिस ने स्कूल के निदेशक, मैनेजर विश्वनाथ शर्मा और दोनों शिक्षिकाओं काजल व योगेंद्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्रीराम कॉलोनी (कोटला रोड) निवासी मनोज कुमार ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा अनमोल मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी का छात्र है। 6 जुलाई को कक्षा में पढ़ाई के दाैरान शिक्षिका काजल ने उसकी आंख में पेंसिल घोंप दी, जिससे उसकी आंख फूट गई। आरोप है कि मैनेजर विश्वनाथ शर्मा ने भी बच्चे के साथ मारपीट की। इसकी सूचना पर परिजन बच्चे को गंभीर हालत में एम्स (नई दिल्ली) ले गए, जहां 12 जुलाई को डॉक्टरों ने अनमोल की आंख का ऑपरेशन किया।
जान से मारने की धमकी दी
मनोज ने बताया कि दिल्ली से लौटने पर उन्हें पता चला कि उनके पांच वर्षीय बड़े बेटे आर्यन (जो उसी स्कूल में पढ़ता है) के साथ भी विद्यालय की शिक्षिका योगेंद्री ने मारपीट की है। पिटाई से आर्यन के कान का पर्दा फट गया और रक्तस्राव होने लगा। पीड़ित पिता ने जब स्कूल प्रबंधन से दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज मांगी, तो उनसे कहा गया कि फुटेज डिलीट हो गई है। आरोप है कि विद्यालय के निदेशक ने अभद्रता करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों बच्चों के उपचार की मेडिकल रिपोर्ट भी मांगी है। साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
