कानपुर।Dispute over Alcohol यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई, यहां एक लोडर चालक को पत्नी ने शराब पीने से मना किया तो वह इतना आक्रोशित हो गया, कि पत्नी को चाकू लेकर मारने दौड़ पड़ा। नशे में होने की वजह से उसके पैर लड़खड़ाए तो वह गिर पड़ा। इस दौरान हाथ में लिया चाकू उसके गले में घूस गया। जानकारी होने पर परिजन उसे इलाज के लिए लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी, पुलिस इस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
पति —पत्नी में हुआ विवाद
आवास विकास हंसपुरम निवासी कुलदीप वर्मा ने बताया कि उनका भाई रंजीत वर्मा (36) लोडर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पत्नी निधि वर्मा और 13 साल की बेटी एंजेल व 11 साल की क्रिस्टल के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहता था। घटना के समय बड़ी बेटी कोचिंग गई, जबकि पत्नी और छोटी बेटी घर में थीं। पुलिस की पूछताछ में छोटी बेटी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे मां ने पिता को शराब पीने से मना किया। इस पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान पापा किचन से चाकू उठाकर मां की ओर दौड़े लेकिन अचानक गिर पड़े और चाकू गले में लग गया।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से चाकू कब्जे में ले लिया है। वहीं, घर में फैला खून बड़ी बेटी ने साफ कर दिया था। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
