Accident in Dhar: एमपी के धार जिले में बुधवार रात हुए हृदयविदारक सड़क हादसें में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे है। यह दर्दनाक दुर्घटना चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई, जब मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप में क्षमता से अधिक करीब 40 से 45 मजदूर सवार थे। वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में मृतकों में बच्चों के भी शामिल होने की खबर है, जिससे घटना और भी दुखद हो गई है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं इस हादसे की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताई।
डॉक्टर छत्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि तिरला के पास एक पिकअप हादसे का शिकार हो गया, जिसमें कई लोग सवार थे। करीब 35 घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 10 से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। कई मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि कई शव अस्पताल पहुंचे हैं, जिनके परिजन अभी पहुंच रहे हैं। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद ICU और वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि कुछ गंभीर मरीजों को रेफर किया जा रहा है। घायलों में लगभग 8 से 10 बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 1 से 2 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि सिरला के पास पिकअप वाहन से एक हादसा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार यहीं जारी है। मौके पर प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौजूद है और सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मिले, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इंदौर जिला प्रशासन, वहां के CMHO और स्वास्थ्य टीम से समन्वय स्थापित कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को इंदौर के सरकारी और निजी अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चिकलिया फाटा के पास हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा। ईश्वर दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
Bulandshahr News : तीन लोगों की खून से होली खेलने वाला जीतू सैनी पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर
