वाराणसी। MurderOfSisterInLaw भाई की साली पर युवक ने घर वालों से उसी से शादी की इच्छा जताई, इस पर भाभी ने ऐतराज जताया तो युवक नाराज रहने लगा। शनिवार सुबह जब भाई काम पर और घर वाले खेत पर चले गए तो इसी बात को लेकर देवर अजीत पटेल का भाभी पूनम पटेल (32) से कहासुनी होने लगी,गुस्से में लाल अजीत ने कुल्हाड़ी से वार करके भाभी को मौत के घाट उतार दिया। काफी देर तक शव के पास बैठे रहे हत्यारे ने पहले भाई फिर पुलिस को इस वारदात की सूचना दी। मिर्जामुराद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
भाभी को अकेली देख किया हमला
लच्छापुर गांव निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल बेटे को स्कूल भेजने के बाद सुबह 11 बजे घर के पास धूप में गेहूं सूखा रही थी। सुजीत पटेल नौकरी पर गया था। सास-ससुर दोनों खेत में गए थे। घर पर सिर्फ देवर अजीत पटेल और भाभी पूनम पटेल थीं। घर के बाहर गेहूं सुखाने के दौरान हाथ में कुल्हाड़ी लेकर पूनम के पास पहुंचे देवर अजीत पटेल ने अपशब्द कहने शुरू किए। इस बीच भाभी ने विरोध किया और घर के अंदर जाने लगी। तभी पीठ पर कुल्हाड़ी से अजीत पटेल ने वार किया। अभी पूनम संभल पाती कि तब तक अजीत ने सिर पर तेजी से वार किया। अचेत होकर कराहने के दौरान पूनम पटेल के दाहिने पैर पर कुल्हाड़ी से बारंबार अजीत वार करता रहा। पैर का पंजा कटकर अलग हो गया।
परिजनों में कोहराम
सांस थमने तक अजीत वार करता रहा। सिर पर खून सवार अजीत के आसपास किसी के जाने की हिम्मत नहीं हुई। भाभी के शव के पास बैठे हत्यारे ने खुद बड़े भाई सुजीत पटेल और पुलिस को फोन पर वारदात की जानकारी दी और हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर बैठा रहा। सूचना पर एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय फोर्स के साथ पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और खून से सनी कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया।
पत्नी का शव देखकर हुए बेसुध
कैंट रेलवे स्टेशन पर ग्रुप डी के कर्मचारी पति सुजीत पटेल जानकारी मिलते ही घर पहुंचे और पत्नी का शव देख बेसुध हो गए। पूनम का पांच वर्षीय बेटा हर्षवर्धन स्कूल से घर लौटा तो दरवाजे पर भीड़ देख सहम गया। खून से लथपथ मां को देखते ही वह भी फूट-फूटकर रोने लगा। परिजनों ने दबी जुबान से पुलिस को बताया कि अजीत पटेल पूनम की बहन से शादी करना चाहता था। पूनम नहीं चाहती थी कि अजीत पटेल से शादी हो। यह बात जब अजीत को मालूम हुई तो वह भाभी से नफरत करने लगा था। इसे लेकर पूर्व में भी विवाद हुआ था। करीब एक माह पूर्व पुलिस ने आरोपी अजीत पटेल का शांति भंग में चालान किया था।
