आगरा। Murder of a Young Man अवैध संबंध में रोड़ा बन रहे प्रेमिका के पति को मौत के घाट उतारने के लिए पहले शराब पिलाकर नशे में टली कर दिया, इसके बाद गला दबाकर मारने की कोशिश की, जब मौत नहीं हुई तो उस पर शराब और पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी जलकर मौत हो गई। मगर लाश अधजली रह गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और साथी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सैंया निवासी लोकेंद्र मजदूरी करते थे। बुधवार सुबह घर से निकले थे। शाम को उनका अधजला शव खेत में पड़ा मिला था। गुरुवार सुबह शिनाख्त हुई। पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतल, खाने के लिए लाए गए फल का कागज बरामद किया था। शराब के ठेके के सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिल गए। इसके बाद पुलिस ने मृतक के घर के पास ही रहने वाले महेश और उसके दोस्त धर्मवीर को गिरफ्तार किया। उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।
पत्नी ने रची हत्या की साजिश
एडीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महेश ने बताया कि मृतक लोकेंद्र की पत्नी के अवैध संबंध उससे थे। वह अक्सर उसके घर जाकर उसकी पत्नी से मिलता था। लोकेंद्र के विरोध करने पर भी पत्नी नहीं मान रही थी। इससे लोकेंद्र पत्नी और महेश के रिश्ते के बारे में परिवार और गांव के लोगों को बताने लगा। पत्नी को यह बात नागवार लगी और उसने प्रेमी से बात कर पति को ठिकाने लगाने के लिए कहा।
बुधवार सुबह 11 बजे जैसे ही लोकेंद्र घर से निकला, उसने महेश को पड़ोस की महिला के फोन से काॅल कर बुला लिया। उसे माचिस देकर हत्या कर शव जलाने के लिए भेजा। महेश बाइक से निकला। रास्ते में लोकेंद्र मिल गया। बहाने से उसे बाइक पर बैठा लिया। साजिश के तहत उसने अपने साथी धर्मवीर को भी बुला लिया। दोनों उसे एक खेत में ले गए। लोकेंद्र को ज्यादा शराब पिला दी। उसके नशे में होने पर महेश गला दबाने लगा।लोकेंद्र ने विरोध किया तो धर्मवीर ने हाथ-पैर पकड़ लिए। गला दबाने से लोकेंद्र बेहोश हो गया। महेश और धर्मवीर ने उस पर बोतल में बची शराब उड़ेलकर चेहरे पर आग लगा दी। मगर वो पूरी तरह से जल नहीं सका। यह देखकर दोनों उसे खेत में अंदर ले गए। उसके ऊपर गेहूं की सूखी बाली डाल दीं। बाइक से पेट्रोल निकालकर आग लगाई और भाग गए।
हत्या के बाद की थी पार्टी
एसीपी डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि महेश की नजर लोकेंद्र की संपत्ति पर थी। वह उसकी पत्नी से अवैध संबंध के साथ ही उससे रुपये लेकर खर्च भी करता था। लोकेंद्र की एक बीघा जमीन थी। इसमें वो जमीन के हिस्से करके प्लाॅट बनाकर बेच रहा था। हाल ही में प्लाॅट बेचने पर 4.50 लाख रुपये मिले थे। रुपये लोकेंद्र की पत्नी ने अपने पास रख लिए थे। वह प्रेमी को समय-समय पर रकम देती थी। हत्या के बाद महेश शहर और धर्मवीर अपने घर चला गया था। रात में महेश ने प्रेमिका से घर आकर मुलाकात की। दोनों ने साथ बैठकर पार्टी की। पास्ता बनाकर खाया। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि पकड़े जाएंगे। उन्हें लग रहा था कि शव पूरी तरह से जल जाएगा, मगर ऐसा नहीं हुआ। कुछ देर बाद ही शव मिल गया। पुलिस ने महेश और मृतक की पत्नी के मोबाइल कब्जे में लिए। इनमें दोनों के साथ खिंची फोटो मिल गईं। काॅल डिटेल में भी दोनों के बीच बातचीत की पुष्टि हुई। वहीं घटना के दाैरान पहने हुए कपड़ों पर लगा खून और सीसीटीवी फुटेज अहम सुराग हैं।
Nine Dead: नासिक में समारोह से लौटते समय कार कुएं में गिरी, एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत
