मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में माफिया की कोई जगह नहीं है, यह बात यूपी पुलिस बखूबी सिद्ध कर रही है। प्रदेश में कही भी कोई बदमाश या माफिया जब कानून को तोड़कर अपराध करता है तो उसके लिए बस एक ही सजा लिखी है एकाउंटर में मौत। बुधवार रात मुरादाबाद पुलिस ने व्यापारी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोपी कुख्यात शार्प Shooter Ashu ऊर्फ मोंटी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बृहस्पतिवार की दोपहर दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
व्यापारी को दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार सिविल लाइंस के रामगंगा विहार स्थित शुभम ग्रीन विला निवासी अरशू ढल की कांठ रोड पर प्रेम नगर में वजीरचंद एक्सपोर्ट फर्म है। उन्होंने सिविल लाइंस थाने में 15 मार्च को शातिर बदमाश आशु और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि 12 मार्च की रात करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से मिस कॉल आई थी। इसके एक मिनट बाद व्हाट्सएप पर दोबारा कॉल आई। निर्यातक ने कॉल रिसीव की। फोन करने वाले ने अपना नाम आशु बताया और धमकी देते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी थी। दो दिन बाद उनकी फर्म पर भी बाइक सवारों ने फायरिंग की थी। एसएसपी ने आशु की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
साथियों की तलाश तेज
हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर निवासी आशु उर्फ मोंटी अपने साथी के साथ बुधवार को रंगदारी की रकम वसूलने पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर मेरठ एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। बुधवार की रात करीब दस बजे सिविल लाइंस क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास इस्लाम नगर रोड पर पुलिस ने आशु और उसके साथी को घेर लिया था। इसी बीच दोनों और से फायरिंग शुरू हो गई। कार सवार आशु उर्फ मोंटी को सीने में तीन गोलियां लगीं जबकि इसका साथी मौके से भाग गया था। पुलिस आशु को जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। ।
आठ माह पहले की थी शादी
मुठभेड़ में ढेर होने की जानकारी मिलने पर Shooter Ashu के भाई मुरादाबाद पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस पर उन्होंने बताया कि तीन भाइयों में आशु सबसे छोटा था। उसने आठ माह पहले रायबरेली की युवती से शादी की थी और गाजियाबाद में रहता था। उसने किसी से रंगदारी मांगी थी या नहीं। उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।
निर्यातक की सुरक्षा बढ़ाई
मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी के ढेर होने के बाद पुलिस ने निर्यातक और उनकी फर्म की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस टीम बीच बीच में उनकी फर्म गश्त कर रही और आने जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। उधर, पुलिस और एसटीएफ आशू उर्फ मोंटी के साथी की तलाश में जुटी है।
