आगरा। Woman murdered आगरा में शुक्रवार सुबह एक 25 वर्षीय युवती की हत्या कर शव रोड के किनारे फेंक दिया। हत्यारों ने गला दबाने के बाद शव को कंबल में लपेटने के बाद काला टेप लगाकर पैक कर दिया। शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। उसके गले पर निशान थे, शव को कंबल में लपेटने के बाद काला टेप लगाया गया था। मृतका के हाथ और कंधे पर आरएस लिखा था। एक जगह पर सनी भी लिखा था जिसे मिटाने का प्रयास किया गया मगर वो पूरी तरह नहीं मिटा। पुलिस आसपास के जिलों से लापता महिलाओं की जानकारी जुटा रही है।
शुक्रवार को बकरी चराने पहुंचे ग्रामीणों ने यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 148 के पास ग्राम सौरई के समीप नाली में कंबल पड़ा देखा। पास जाने पर दुर्गंध आने लगी तो शक हुआ। उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग कर रहे गार्डों और पुलिस को सूचना दी। आधा घंटे बाद डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह और एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार, एसओजी टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंच गए। पुलिस ने शव को नाली से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास तलाश भी की गई लेकिन मृतका की पहचान से संबंधित कुछ भी नहीं मिला।
गला दबाकर की गई हत्या
डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि मृतका मेहंदी रंग का सलवार सूट पहने थी। पैरों में बिछुए भी थे। हथेली के पास, हाथ और कंधे पर आर-एस लिखा था। मृतका के गले पर दबाने के निशान थे। गाल पर नीचे चोट का निशान भी था। आशंका है कि हत्या कहीं और की गई, फिर शव को किसी गाड़ी से लाकर एक्सप्रेस-वे पर फेंका गया। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला अच्छे कपड़े पहनी थी। आंखों में काजल होठों पर लिपिस्टिक और हाथ में अंगूठी पहने थी। पुलिस का मानना है कि महिला को धोखे से बुलाया गया। उसे इस बात का बिल्कुल भी आभास नहीं रहा होगा कि उसकी हत्या कर दी जाएगी। अचानक उसका गला दबा दिया गया। बचने के प्रयास में गाल पर चोट लगी होगी।
गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस सनी नाम के व्यक्ति की तलाश में लगी है क्योंकि महिला के हाथ पर एक जगह पर सनी लिखा था। जिस जगह पर शव मिला, वो जगह खंदाैली टोल प्लाजा से एक किलोमीटर की दूरी पर दिल्ली रोड पर है। इससे दो किलोमीटर आगे मथुरा की सीमा शुरू हो जाती है। पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। एक तो हत्या के बाद शव फेंकने वाला आगरा की तरफ से आया होगा। उसने टोल पार किया और शव फेंकने के बाद भाग गया। वहीं दिल्ली की तरफ से आने वाले छोटे वाहनों के लिए खंदाैली टोल से 200 मीटर पहले एक कट बना है। हत्या करने वाला दिल्ली की तरफ से आया होगा तो वह टोल प्लाजा के पार नहीं गया होगा। गाड़ी को कट से टर्न करने के बाद शव को फेंककर भाग गया। पुलिस अब यमुना एक्सप्रेस-वे के सभी टोल पर लगे कैमरों के फुटेज देख रही है।
मथुरा में Yamuna Expressway पर कंटेनर ने 15 लोगों को कुचला, छह लोगों की मौत, नौ लोग गंभीर घायल
