लखनऊ। Indigo flights cancelled राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विभिन्न शहरों को जाने वाली करीब 30 फीसदी उड़ानें शुक्रवार रद्द की गईं। लखनऊ से आने और जाने वाली कुल 42 उड़ानें रद्द रहीं। इससे 2400 यात्रियों व उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, इंडियो की 7 फ्लाइट समेत 8 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एयरपोर्ट पर 5 से 20 घंटे तक अपनी उड़ान का इंतजार करने के बाद जब यात्रियों को विमान निरस्त किए जाने की सूचना मिली तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हंगामा करने लगे। इससे अफरा तफरी मच गई। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट या एयरलाइंस का कोई भी स्टाफ सही जानकारी नहीं दे रहा था। इस वजह से उन्हें बेवजह घंटों समय बरबाद करना पड़ा। सही समय पर विमान निरस्त किए जाने की जानकारी मिलती तो वह अन्य विकल्प तलाश कर गंतव्य तक पहुंचने की योजना बना सकते थे।
यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त कराए
बता दें अमौसी एयरपोर्ट से कुल 144 फ्लाइटें उड़ान भरती हैं। इसमें से अकेले 65 विमान इंडिगो के हैं जो लखनऊ एयरपोर्ट से ऑपरेट होते हैं। शुक्रवार का दिन इन उड़ानों पर भारी पड़ा। लखनऊ से आने वाली 21 और जाने वाले 21 उड़ान, कुल 42 उड़ानें रद्द रहीं। दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद, अहमदाबाद, पटना, कोलकाता समेत दर्जन भर से ज्यादा जगहों की उड़ानें निरस्त रहीं। शुक्रवार को 1290 से ज्यादा यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त करवाकर दूसरे माध्यमों से यात्रा की।
इंडिगो की फ्लाइटें लगातार रद्द होने से जहां यात्री पहले से ही परेशान हैं, वहीं सीधी उड़ान न मिलने से अन्य विमानों का किराया भी सामान्य दिनों के मुकाबले 10 गुना तक महंगा हो गया है। लखनऊ से प्रमुख शहरों की सीधी उड़ानें नहीं मिल रही हैं। ऐसे में कनेक्टिंग उड़ानों का ही सहारा है। लखनऊ मुंबई रूट के विमानों पर इंडिगो की उड़ानें नहीं चल रही हैं। सामान्य दिनों में जो किराया 5 हजार के आसपास होता था वह इस वक्त बढ़कर 48 हजार रुपये हो गया है। हैदराबाद रूट पर एअर इंडिया का किराया 42,665 रुपये हो गया है। बंगलूरू का एअर इंडिया का किराया 68790 रुपये है। लखनऊ से दिल्ली की सीधी उड़ानों का किराया 14000-17000 रुपये है जो कि सामान्य दिनों में 4000 के आसपास रहता है। 7 दिसंबर को एअर इंडिया की रात 8:30 बजे की उड़ान का किराया 46,301 रुपये हो गया है।
यात्रियों ने किया हंगामा
शुक्रवार दोपहर 2 बजे इंडिगो के काउंटर पर मौजूद यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। यात्रियों और कर्मचारियों के बीच शुरू हुई नोकझोंक धीरे धीरे झड़प में तब्दील होती गई। यात्रियों ने बताया कि इंडिगो की वेबसाइट और एप पर उड़ानों का वक्त सामान्य दिखाया जा रहा है। इससे कई यात्री ऑनलाइन बोर्डिंग पास तक निकाल लेते हैं, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर डिस्प्ले बोर्ड से पता चलता है कि उनकी उड़ान रद्द है। इस बदली स्थिति का काउंटर पर तैनात कर्मचारी भी सही जवाब नहीं दे पाते। रिफंड व टिकट की तारीख आगे बढ़ने के सवाल पर भी कर्मचारी चुप्पी साध गए जिससे यात्रियों का आक्रोश लगातार बढ़ता गया। यात्रियों ने बताया कि एयरलाइन प्रबंधन उड़ान रद्द होने की सूचना पहले से नहीं दे रहा है जिससे उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानियां झेलना पड़ीं। इससे पहले बृहस्पतिवार को भी ऐसी स्थिति आई थी जब इंडिगो के कई विमान लेट और रद्द होने पर उनकी जानकारी करने यात्री काउंटर पर पहुंचे थे।
Blackmailing अरमान उस्मानी ने शिक्षिका को प्रेमजाल में फंसाकर बनाई अश्लील वीडियो, अब कर रहा यह मांग
