बिजनेस डेस्क, महाराष्ट्र : फ्लिपकार्ट ग्रुप की परोपकारी कार्य करने वाली इकाई FlipkartFoundation ने वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर – इंडिया (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया) के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत महाराष्ट्र में राज्यव्यापी पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम ‘वसुंधरा मित्र – यंग कन्जर्वेशन लीडर्स ऑफ द इको क्लब्स ऑफ महाराष्ट्र’ की शुरुआत की गई है। महाराष्ट्र वन विभाग के सोशल फॉरेस्ट्री डिवीजन के समर्थन से शुरू की गई इस पहल का लक्ष्य महाराष्ट्र में युवा, जिम्मेदार और कार्य के प्रति समर्पित पर्यावरण नेतृत्वकर्ताओं (एनवायरमेंटल लीडर्स) की पीढ़ी तैयार करना है।
36 जिलों में चलेगी परियोजना
15 महीने चलने वाली इस परियोजना को महाराष्ट्र के 36 जिलों में क्रियान्वित किया जाएगा और कक्षा 5 से 9 के 1.5 लाख छात्रों के साथ-साथ 6,000 शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों (72 मास्टर ट्रेनर्स समेत) को इससे जोड़ा जाएगा। इस पहल के माध्यम से 3,000 ग्रीन स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जो पर्यावरण शिक्षा, पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रियाओं और स्कूलों एवं आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गति देंगे। इससे समाज में 9.3 लाख से अधिक लोगों को लाभ होगा।
इस पहल को औपचारिक रूप से 7 नवंबर को नागपुर में लॉन्च किया गया। इस दौरान महाराष्ट्र वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया एवं फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह लॉन्चिंग पर्यावरण शिक्षा एवं युवाओं के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के राज्यव्यापी आंदोलन की दिशा में उल्लेखनीय कदम है। पुणे, ठाणे, नासिक, संभाजीनगर, नागपुर और अमरावती में ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी) कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी 36 जिलों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। उन्हें इंटरैक्टिव लर्निंग मॉड्यूल एवं तकनीकें प्रदान की गईं, जिससे वे स्कूलों में इको क्लब का मार्गदर्शन कर सकें।
दैनिक शिक्षा में पर्यावरण का महत्व
महाराष्ट्र वन विभाग के प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स (सोशल फॉरेस्ट्री) विवेक खांडेकर, आईएफएस ने कहा, ‘वसुंधरा मित्र प्रोग्राम में शिक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरण के अनुकूल विकास को बढ़ावा देने के लक्ष्य को समाहित किया गया है। यह सरकार के मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप है, जिसमें दैनिक शिक्षा में पर्यावरण के प्रति सतर्कता को शामिल करने पर जोर दिया गया है। संरक्षण के विचारों को कक्षाओं में पहुंचाते हुए वसुंधरा मित्र कार्यक्रम छात्रों एवं शिक्षकों को सशक्त करते हुए उन्हें आसपास के पर्यावरण का रक्षक बनाता है। हम महाराष्ट्र में इस लक्ष्य को सार्थक पहल में बदलने की दिशा में फ्लिपकार्ट फाउंडेशन और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के प्रयासों की सराहना करते हैं।’
विकसित स्ट्रक्चर्ड फ्रेमवर्क
इस कार्यक्रम में इंटरैक्टिव एवं गतिविधि आधारित शिक्षा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर फोकस किया जाता है। छात्र पौधों की टैगिंग करने, कंपोस्टिंग करने, आसपास की प्रकृति पर नजर रखने, कचरा पृथक करने और जल की गुणवत्ता जांचने जैसे विभिन्न प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण दिवसों पर ग्रीन ऑडिट एवं जागरूकता अभियानों के रूप में सामुदायिक पहल का आयोजन करेंगे। इस पहल के तहत विकसित स्ट्रक्चर्ड फ्रेमवर्क से शिक्षकों को ट्रेनिंग रिसोर्सेज एवं मेजरमेंट टूल्स प्रदान किए जाएंगे, जिससे सुनिश्चित होगा कि लंबी अवधि में महाराष्ट्र में पर्यावरण शिक्षा को अपनाने की प्रक्रिया तेज हो।
इस गठजोड़ को लेकर फ्लिपकार्ट फाउंडेशन की वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस सारा गिडियन ने कहा, ‘फ्लिपकार्ट फाउंडेशन में हमारा मानना है कि पर्यावरण के प्रति सतर्कता को बढ़ावा देने की शुरुआत जमीनी स्तर पर शिक्षा एवं गतिविधियों के माध्यम से होनी चाहिए। इस साझेदारी के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं को हमारे पर्यावरण को समझने, इसका सम्मान एवं संरक्षण करने के लिए सशक्त बनाना है। छात्रों में जिज्ञासा एवं नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देते हुए हम एक ऐसी पीढ़ी को प्रोत्साहित करने की उम्मीद करते हैं, जो न केवल सस्टेनेबिलिटी के बारे में सीखती है, बल्कि उसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा भी बनाती है।’
स्कूलों में इको क्लब की मजबूती
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के महासचिव एवं सीईओ रवि सिंह ने कहा, ‘वसुंधरा मित्र प्रोग्राम के माध्यम से पर्यावरण के प्रति सतर्क पीढ़ी को तैयार किया जाएगा। इसके लिए प्रकृति के साथ उनके संबंधों को गहरा किया जाएगा और जिज्ञासा, स्वाध्याय एवं समस्याओं का समाधान पाने की उनकी क्षमता को बढ़ाया जाएगा। शिक्षकों एवं छात्रों को जरूरी टूल्स एवं स्किल्स से लैस करते हुए यह साझेदारी महाराष्ट्र के 36 जिलों में नेशनल ग्रीन कॉर्प्स (एनजीसी) स्कीम के तहत स्कूलों में इको क्लब को मजूबत करने में मदद करेगी और सतत भविष्य के लिए इनोवेटिव समाधान देने को प्रेरित करेगी।’यह साझेदारी पर्यावरण के प्रति जवाबदेही बढ़ाने, समाज के साथ मिलकर संरक्षण को बढ़ावा देने और ज्यादा हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल भविष्य की दिशा में साझा प्रयासों को प्रेरित करने के फ्लिपकार्ट फाउंडेशन एवं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के साझा लक्ष्य को दर्शाती है।
