नई दिल्ली। जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की Chief Minister पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार आधी रात को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं आरोपी की मां ने बेटे की मानसिक हालत ठीक नहीं होने का हवाला देकर बचाने का प्रयास कर रही है। बता दें साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले की पहचान राजेश खिमजी के रूप में हुई जो गुजरात का रहने वाला है। वह कथित रूप से जानवर प्रेमी बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री से धक्का मुक्की की
आरोपी राजेश खिमजी ने पहले से इसकी तैयारी की थी, वह एक दिन पहले से मुख्यमंत्री आवास की रेकी कर रहा था। वह जनसुवाई में अपनी समस्या सुनाने के बहाने मुख्यमंत्री आवास में दाखिल हुआ। अपना नंबर आने पर पहले उसने सीएम को कुछ पेपर दिए इसके बाद चिल्लाना शुरू कर दिया। फिर मुख्यमंत्री का हाथ और बाल पकड़े और उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने सीएम को थप्पड़ भी मार दिया। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ मारने की बात से इंकार किया है। आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहां मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक की खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।आरोपी को तुरंत ही पकड़कर सिविल लाइंस थाने लाया गया। उसकी पहचान राजकोट, गुजरात निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (41) के रूप में हुई है।
राजेश पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
छानबीन के बाद दोपहर के समय आरोपी राजेश के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी पिछले 24 घंटे से सीएम आवास की रेकी कर रहा था। उसने मंगलवार को सीएम के शालीमार बाग स्थित निजी आवास की भी रेकी की थी।पुलिस ने आरोपी के पास से उसका मोबाइल फोन, आधार व बाकी कागजात बरामद किए हैं। इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी सियासी साजिश का हिस्सा तो नहीं। उसके साथ कौन-कौन दिल्ली आया है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है।
आरोपी के घर पहुंची पुलिस
पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी पूरी कुंडली निकालने के लिए गुजरात पुलिस से संपर्क करके उसके घर वालों से जानकारी ली। जांच के दौरान पता चला है आरोपी कोठरिया रोड स्थित गोकुल पार्क में पत्नी, बेटे और माता-पिता के साथ रहता है। इसकी मां ने बताया है कि कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से राजेश हताश था। उसकी मां का कहना है कि राजेश गुस्से वाला है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है।
UP honest thief : जिसने भैंस को मच्छर और मक्खी से बचाने के लिए मांगी बिजली चोरी की अनुमति
