मुरादाबाद। यूपी के मुरादाबाद में एक समुदाय विशेष के युवक से माहौल बिगड़ते—बिगड़ते बच गया। दरअसल कांवड़ियों के लिए चल रहे भंडारे में फैज नाम का युवक खुद को कपिल बताते हुए घुस गया। उसकी हरकतों पर शक होने पर भंडारा कमेटी सदस्यों ने पूछताछ की तब मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी फैज के खिलाफ जान बूझकर किसी और का रूप धारण करके धोखाधड़ी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हाथ पर गुदवा रखा था ओम का टैटू
भोले सेवा समिति बिलारी की ओर से हर साल सावन मास में नगर के गांधी पार्क में भंडारा कराया जाता है। बुधवार शाम को भंडारा चल रहा था। देर रात लगभग आठ बजे भंडारे में पहुंचे लोगों ने प्रसाद लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान पहुंचे एक युवक की गतिविधियों पर कमेटी के सदस्यों को शक हो गया। सदस्यों ने शक दूर करने के लिए जब युवक से उसका नाम पता पूछा तब वह अपना नाम कपिल निवासी नया गांव बहजोई बताने लगा और अपने हाथ पर गुदवाया गया ओम का टैटू दिखाने लगा। कमेटी सदस्य जब युवक को थाने ले जाने की धमकी देने लगे तब उसने अपना नाम फैज बता दिया। कमेटी सदस्यों ने थाना बिलारी को सूचना देकर मौके पर पुलिस बुला ली और आरोपी युवक को भी पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुवार सुबह भोले सेवा समिति के सदस्यों लकी सिंह, गोल्डी सिंह, राजू सिंह, नीरज कुमार आदि निवासी मोहल्ला महाजनान बिलारी ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
प्रसाद को कर सकता था अपवित्र
तहरीर में कहा गया कि उनकी समिति की ओर से आयोजित भंडारे में पहुंचे युवक की गतिविधियों पर शक हो गया था। पहले उसने अपना नाम कपिल और बाद में फैज बताया। समिति सदस्यों के अनुसार यदि वह समय रहते संदिग्ध को नहीं पकड़ते तब वह किसी तरह से भंडारे के प्रसाद को अपवित्र कर सकता था। थाना बिलारी प्रभारी ने बताया कि समिति सदस्यों द्वारा पकड़े गए युवक फैज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक द्वारा बताए गए नाम पते की जांच के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।
ऐसे हुआ शक
भोले सेवा समिति बिलारी के सदस्यों ने बताया कि बुधवार देर रात जिस समय कुछ कांवड़िया गांधी पार्क में आयोजित भंडारे में पहुंचे तभी उनके साथ यह युवक भी पीछे से पहुंच गया। कांवड़िये जब आराम करने लगे तब युवक भी उन्हीं के अंदाज में आराम करने लगा। खाना खाने के बाद जब युवक ने अपने हाथ नहीं धोए उसके बाद शौच को जाकर लौटने के बाद बिना हाथ धोए जब वह कांवड़ियों के पास आकर बैठ गया तब उसकी गतिविधियों पर पूरा शक हो गया। समिति सदस्यों ने जब पूछा कि किस कांवड़ बेड़े में हो और किस कांवड़िये के परिचित हो तब वह सकपका गया। थाने में भेजने की धमकी देने और कड़ाई से पूछताछ करने पर स्वयं को कपिल बता रहे फैज ने असलियत बता दी।
हिंदी में पहली बार बड़े पर्दे पर आएंगे Saint Tukaram, 18 को रिलीज़ होगी आदित्य ओम की फिल्म
