![rld final](https://uphindinews.in/wp-content/uploads/2022/07/rld-final-696x522.jpg)
लखनऊ। यूपी में भाजपा सरकार के सौ दिनों के कार्यकाल पर रालोद ने तंज कसते हुए भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया है। दरअसल मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल(रालोद) के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा,
सौ दिन के कार्यकाल में जनकल्याण की दृष्टि से एक भी नया काम नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने सौ दिन का किया हुआ कोई भी वादा पूरा नहीं किया।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। पत्रकारों से बातचीत में त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पिछले सत्र का गन्ना भुगतान अभी तक नहीं किया गया। वहीं प्रदेश की कानून व्यवस्था और अन्ना पशुओं से आम आदमी की सुरक्षा में किसी भी प्रकार का नहीं सुधार हुआ।
आज भी सड़कों पर अन्ना पशुओं के हमले और किसान की खेतों में खड़ी फसलों की बर्बादी साफ देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और डकैती जैसी घटनाओं की बाढ़ आ गयी है। यहां सिर्फ कानून बचा है व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
बीजेपी व अडाणी के आए अच्छे दिन
राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि बिजली का रेट आधा करने का वादा भी ऐसा लगता है कि सत्ता के नशे में भुलाया जा चुका है। वहीं बुल्डोजर चलाने की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की न्यायिक प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ है जो तानाशाही का प्रतीक है।
श्री त्यागी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में भी अड़ानी की सम्पत्ति ढाई गुना कराने में काफी सहयोग दिया और आज भी अड़ानी के ही कोयले की मार्केटिंग सरकार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दो ही काम है भाजपा बनाना और अडानी बनाना। अच्छे दिनों का वायदा कर सत्ता में आने वाली बीजेपी व उद्योगपति अडाणी के अच्छे दिन आ गए और जनता तमाम दुश्वारियों से त्रस्त है।
इस मौके पर रालोद प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय, राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मंजीत सिंह, सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी, युवा रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवीन्द्र पटेल, युवा रालोद के वरिष्ठ नेता रोहित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें..
- उपचुनाव पर अखिलेश ने यूं तोड़ी चुप्पी, संगठन को मजबूत करने की बताई रणनीति
- आगरा में पति-पत्नी और बेटी शव फंदे पर लटका मिला, सामूहिक आत्महत्या की आशंका
- साली से नयन लड़ाना पड़ा भारी, बीबी ने की जेल भिजवाने की तैयारी