मिर्जापुर।RPF मिर्जापुर ने 11 ऐसी महिलाओं को पकड़ा जो किन्नर बनकर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों से जबरन वसूली करती थी। जो यात्री रुपये न होने का बहना करते थे, उनसे वसूली के लिए क्यूआरकोड का इस्तेमाल करती थी। शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को मिर्जापुर और छवकी रेलवे स्टेशन से पकड़ा। सभी पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरपीएफ ने सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए 31777 रुपये की चार्ज वसूल किया।आरपीएफ प्रभारी चमन सिंह तोमर ने बताया कि रेलवे हेल्पलाइन 139 पर मिली शिकायत के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अभियान चलाया गया। शुक्रवार को सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर गाड़ी संख्या 12487 के एसी कोच में यात्रियों से पैसे मांग रही सात महिलाओं को पकड़ा गया। अभियान के दौरान छवकी स्टेशन पर ट्रेन संख्या 11402 में भी यात्रियों से पैसे मांगने के आरोप में चार अन्य महिलाओं को पकड़ा गया। इस तरह कुल 11 महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
किन्नर होने का करती थी नाटक
पकड़ी गई महिलाओं में अनूपा (50) निवासी गल्ला मंडी, बड़कू के मकान में, थाना कोतवाली जिला चंदौली, लक्षो देवी (40), अनि ( 32), ज्योति (34), ज्योति (28), विमला (40), शम्मी (37), सीता (49), मोंगा (36), मीनू (32), रजनी (37) है। सभी रहने वाली पंजाब के मोगा, धर्मकोट, फिरोजपुर की मूल निवासी है। चंदौली में रहती है। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि महिलाएं किन्नर नहीं है पर ट्रेनों में किन्नर की तरह नाटक करते हुए यात्रियों से पैसे ऐंठती है। यात्रियों की शिकायत पर ट्रेनों में अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है।
यात्रियों की बढ़ती शिकायतों पर आरपीएफ लगातार ट्रेनों की निगरानी कर रही है। इस विषय में डीडीयू-मिर्जापुर-विंध्याचल-प्रयागराज-छिवकी रेलखंड पर अलग-अलग चरणों में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों में जबरन पैसे मांगने तथा इस तरह की अन्य गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।आरपीएफ प्रभारी चमन सिंह तोमर ने बताया कि इन दोनों ट्रेनों में महिलाओं द्वारा लगातार यात्रियों को परेशान करने की शिकायत आ रही है । इसके बाद लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में अब तक 20 महिलाओं को पकड़ा गया है।
आरपीएफ प्रभारी चमन सिंह तोमर ने बताया कि यह महिलाएं लोगों को परेशान कर पैसा मांगती हैं। तस्वीर दिखाकर भी जबरदस्ती पैसा मांगती हैं। इसके अलावा माला फूल बेचने के नाम पर भी पैसा मांगती हैं ।महिला किन्नर नहीं है पर किन्नर की तरह ताली बजाकर पैसा मांगती है। कोई अगर 500 का नोट दे दिया तो वापस नहीं करती है।
