बांदा।Sadistic Husband: यूपी के बांदा जिले से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई, यहां एक युवक को पत्नी पर किसी और से अवैध संबंध रखने का शक था। इसी शक में उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत पत्नी को हरिद्वार घुमाने के बहाने ले गया। वहां जंगल में ले जाकर गला दबाकर मौत के घाट उतारने के बाद पहचान छिपाने के लिए जल्लाद बने पति ने तेजाब डालकर उसके चेहरे को जला दिया। महिला का शव मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस गुत्थी को सुलझाने में जुटी थी, तभी उसे महिला के तार से बांदा से जुड़ते दिखे, इसके बाद तार से तार जोड़ते हुए हत्यारोपियों तक पुलिस पहुंच गई। तीन हत्यारों को गिरफ्तार करके बांदा से हरिद्वार ले गई।
भाई और जीजा गुनाह में किया शामिल
हरिद्वार पुलिस ने महिला के दूसरे पति को मौदहा व जेठ और नंदोई को बांदा से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क होने का संदेह था। इसी शक के चलते पति ने हत्या की साजिश रचकर अपने बड़े भाई और बहनोई के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतारकर हरिद्वार के जंगल में शव का चेहरा तेजाब से जलाकर फेंक दिया था।
कौशल्या ने की थी दूसरी शादी
पुलिस के अनुसार, कौशल्या (20) बांदा कोतवाली क्षेत्र के ग्योड़ी बाबा गांव की रहने वाली है। वो अपने पहले पति पप्पू और पांच वर्षीय मासूम अनीस को छोड़कर 24 फरवरी 2026 को बुआ सास के बेटे ओमप्रकाश उर्फ गोविंदा के साथ चचेरे देवर की शादी के एक दिन पहले चली गई थी। इसके बाद मामला कोतवाली नगर दर्ज हुआ था। बांदा पुलिस प्रेमी ओमप्रकाश उर्फ गोविंदा और कौशल्या को दिल्ली से पकड़कर 27 फरवरी को बांदा लाई थी।पति और बुआ के लड़के के परिवार के बीच समझौता हुआ था दोनों एक साथ रहने की बात कहने पर कौशल्या के पहले पति पप्पू और बुआ के लड़के गोविंदा के परिवार के बीच समझौता हुआ था। इस समझौते के आधार पर कौशल्या की शादी 27 फरवरी को ही महेश्वरी देवी मंदिर में करा दी गई थी। शादी के अगले दिन 28 फरवरी को गोविंदा पत्नी कौशल्या को लेकर दिल्ली चला गया था।इसके बाद वह गांव नहीं लौटा था।
हत्यारों ने जुर्म कबूला
सोमवार शाम उत्तराखंड पुलिस जब कोतवाली नगर पुलिस के साथ कौशल्या के पहले पति पप्पू व दूसरे पति गोविंदा के घर पहुंची, तो परिजनों को कौशल्या की हत्या की जानकारी हुई। पुलिस ने शहर कोतवाली के कहला निवासी गोविंदा के बहनोई छेदीलाल और ग्योड़ी बाबा निवासी गोविंदा के बड़े भाई राकेश को कहला गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म भी स्वीकार किया था। इसके बाद उन लोगों ने कौशल्या के पति गोविंदा की लोकेशन पुलिस को दी। उत्तराखंड पुलिस लोकेशन के आधार पर हमीरपुर के मौदहा कस्बा पहुंची वहां से ओमप्रकाश उर्फ गोविंदा को भी गिरफ्तार कर हरिद्वार ले गई।
दूसरे से बात करने का था शक
गोविंदा को शक था कि कौशल्या किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी शक के आधार पर हत्या की साजिश रचते हुए आरोपी पति, कौशल्या को घूमने के बहाने हरिद्वार ले गया। वहां उसके भाई और बहनोई भी पहले से मौजूद थे। तीनों ने मिलकर आठ मई को सुनसान इलाके में महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और शव शिनाख्त न हो सके इसलिए तेजाब से चेहरा जलाकर जंगल में फेंककर फरार हो गए थे।महिला का शव मिलने के बाद से हरिद्वार पुलिस लगातार इस अंधे का कत्ल का पर्दाफाश करने के लिए जी—जान से जुटी हुई थी, सोमवार को को पूरी हुई।वहीं कौशल्या की मौत की खबर मिलने के बाद उसका पांच साल का बेटा मां के गम में रोया जा रहा है। उसकी पहली सास समेत गांव के अन्य लोग काफी दुखी है।
