चंपावत। Bitten by a Dog in a Dream उत्तराखंड के चंपावत जिले के बाराकोट ब्लाॅक के एक गांव से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 12 साल के एक बच्चे को सपने में कुत्ते ने काट लिया। सुबह सोकर उठने पर उसने कुत्ते के काटने के परिणाम गूगल पर सर्च किए। इसके बाद डर के मारे उसकी तबीयत बिगड़ गई तो परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसकी काउंसलिंग की और उसे घर भेज दिया।
इलाज से पहले अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चे से आवश्यक पूछताछ की। इस पर वह लगातार रोता रहा और जोर के पेट दर्द होने की बात बताता रहा। चिकित्सकों के इलाज और काउंसलिंग के बाद बच्चा सामान्य स्थिति में आया। डॉक्टरों का कहना है कि आजकल कई बच्चे अपना ज्यादातर समय मोबाइल पर व्यतीत कर रहे हैं। मोबाइल पर इंटरनेट या गूगल के माध्यम से मिलने वाली जानकारी का प्रभाव बच्चों के लिए हमेशा सकारात्मक रहेगा, यह जरूरी नहीं है। कई बच्चे होमवर्क के लिए भी मोबाइल पर गूगल का सहारा ले रहे हैं जो बच्चों के भविष्य के लिए ठीक नहीं है। बच्चों को स्वाध्याय करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
