कटनी। 12PeopleBurnedToDeath : दीपावली की रात एमपी के कटनी और सिवनी जिले में दीपावली की रात दो परिवारों की खुशियां जलकर खाक हो गई। आग में एक छह माह के मासूम समेत 12 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पहला हादसा कटनी के बरही में हुआ। बरही निवासी पूरन अग्रवाल व रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में आधी रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को चपेट में ले लिया। इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।
रातभर आग की लपटों से घिरी इमारत के भीतर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था।
पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई
पुलिस के अनुसार दीपावली की रात 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन लगभग एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इसके चलते आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई। इसके बाद कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन पहुंचे। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक मशक्कत जारी रही। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
रितेश और उनकी भाभी की बची जान
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जाता है कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य आग और धुएं के बीच इमारत में ही फंसे रह गए। इस अग्निकांड का सबसे पीड़ादायक पहलू उस दो माह के मासूम की मौत है, जो मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था। मां की गोद में लिपटा वह नन्हा जीवन दुनिया को ठीक से समझ भी नहीं पाया था, उसकी भी मौत हो गई।चंद्रकला और परिवार की दोनों मासूम बेटियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंस गईं। सुबह जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दूसरी घटना सिवनी के छपारा में सुबह करीब साढ़े चार बजे महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में एक मकान में हुई। आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई। यह मकान सराफा व्यापारी कुंदन सोनी का बताया गया है। हादसे में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों की जान चली गई। घटना के वक्त मकान में करीब 10 लोग मौजूद थे, जिसमें से चार को सुरक्षित बाहर निकला लिया गया है। एसडीओपी अपूर्व भलावी ने बताया कि सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला घर में लगी आग को दमकल व रेस्क्यू दल ने काबू कर लिया है। आग किन कारणों से लगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
Six Deaths : मुजफ्फरनगर में दिल दहलाने वाला हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, जिंदा जल गए छह लोग
