नईदिल्ली,बिजनेस डेस्क।BHIM Payments App नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (एनबीएसएल) ने आज घोषणा की कि ‘तत्काल एनपीएस’ की सुविधा अब भीम पेमेंट्स ऐप पर उपलब्ध है। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) की ओर से शुरू की गई इस सुविधा के जरिए उपयोगकर्ता बिना बैंक शाखा जाए और नए दस्तावेज जमा किए, केवल तीन चरणों में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) का खाता खोल सकते हैं। इस प्रक्रिया में बैंक से पहले ही सत्यापित केवाईसी जानकारी का इस्तेमाल किया जाता है। उपयोगकर्ताओं को अपनी जन्मतिथि दर्ज करनी होगी, पात्र बैंक खाते का चयन करना होगा और यूपीआई के जरिए एनपीएस में पहला अंशदान करना होगा। फिलहाल, भीम ऐप पर यह सुविधा भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। आगे चलकर इसमें अन्य बैंकों को भी शामिल किए जाने की उम्मीद है।
एनपीएस जैसे वित्तीय उत्पाद
एनबीएसएल की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललिता नटराज ने कहा, “यूपीआई भारत के करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की वित्तीय गतिविधियों का हिस्सा बन चुका है। अब अगला अवसर एनपीएस जैसे वित्तीय उत्पादों तक लोगों की पहुंच आसान बनाने का है। भीम ऐप पर तत्काल एनपीएस की सुविधा खाता खोलने की शुरुआती बाधा को दूर करती है। इसके जरिए पात्र ग्राहक सीधे यूपीआई ऐप से एनपीएस खाता खोल सकते हैं। इस सुविधा के साथ भीम की भूमिका केवल अंशदान करने में मदद देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह एनपीएस खाता खोलने की प्रक्रिया को भी आसान बनाएगी।” एनपीएस, पीएफआरडीए द्वारा विनियमित एक कम लागत वाली पेंशन योजना है। इसमें जमा की गई राशि का निवेश बाजार से जुड़े फंड में किया जाता है, जिनका प्रबंधन नियामक के दायरे में काम करने वाले पेंशन फंड मैनेजर करते हैं। इस योजना में लागू नियमों के अनुसार कर लाभ भी उपलब्ध हैं। तत्काल एनपीएस की सुविधा पीएफआरडीए के उस लक्ष्य को आगे बढ़ाती है, जिसके तहत हर नागरिक को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा के लिए पेंशन की व्यवस्था करने का अवसर मिले।
