जम्मू कश्मीर: TwoTerroristsEliminated जन्नत को जन्नत बनाने में जुटे भारतीय सुरक्षाबलों ने बुधवार रात दो आतंकियों को मुठभेड में मार गिराया। बाकी आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बता दें कि गत दिवस ऊधमपुर के मजालता क्षेत्र में आतंकी गतिविधियां होने का सुराग सुरक्षा बलों को मिला था, जिसके बाद इलाके को घेरकर कार्रवाई की गई। बुधवार रात सुरक्षा बलों और आतंकियों की मुठभेड़ हुई, जिसमें 2 आतंकी मारे गए हैं। सूत्रों से आतंकियों का सुराग मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी की तो जवाबी कार्रवाई करते हुए रॉकेट दागे गए। वहीं ड्रोन से इलाके की निगरानी करके आतंकियों को निशाना बनाया।
दो दिन में तीन आतंकी मारे गए
बता दें कि सुरक्षा बलों ने पूरे मजालता इलाके की नाकेबंदी की और सर्च ऑपरेशन के तहत कोना-कोना खंगाला गया। हर वाहन की चेकिंग की गई है और हर घर की तलाशी ली गई है। दरअसल सुरक्षा बलों को काफी समय से इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खबरें मिल रही थीं, लेकिन पुष्टि नहीं हो रही थी। बीती शाम सुरक्षा बलों को ऊधमपुर में मजालता इलाके में आतंकियों के छिपे होने का सुराग मिला था। सूत्रों से इनपुट लेते ही सुरक्षा बलों ने मजालता तहसील मुख्यालय में रामकोट के बिलावर मार्ग पर खुबन इलाके को घेर लिया। आतंकियों के खिलाफ अभियान में स्थानीय पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) समेत अन्य सुरक्षा बल भी शामिल हुए। रात करीब 9 बजे घेराबंदी के दौरान इलाके में छिपे आतंकियों को सुरक्षा बलों ने ललकारा तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। इससे एक दिन पहले भी एक आतंकी मारा गया था। सुरक्षा बल अब मारे गए आतंकियों के शव तलाश रहे हैं और इलाके को लोगों को घरों के अंदर ही रहने के निर्देश हैं।
