लखनऊ। उजाड़ हो रहे बुंदेलखंड को फिर से बसाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। वहां रोजगार के नए साधन उपलब्ध कराने के लिए अब भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL ) रक्षा औद्योगिक गलियारा के चित्रकूट नोड में 600 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी इस राशि से रक्षा उत्पादों के निर्माण की इकाई स्थापित करेगी।
परियोजना के तहत 562.5 करोड़ रुपये का प्रारंभिक निवेश प्रस्तावित है। भविष्य की रक्षा परियोजनाओं को शामिल करते हुए कंपनी ने 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव इन्वेस्ट यूपी को दिया है।
प्रस्तावित इकाई में क्यूआरएसएम, एयर डिफेंस सिस्टम तथा नेक्स्ट जेनरेशन रडार सिस्टम जैसी अत्याधुनिक रक्षा परियोजनाओं के लिए विनिर्माण सुविधाओं के साथ समर्पित एमआरओ (मेंटीनेंस, रिपेयर व ओवरहाल) सुविधा विकसित किए जाने की योजना है। मंगलवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (एचएलईसी) की बैठक में बीईएल को चित्रकूट में निवेश के लिए लेटर ऑफ कम्फर्ट (एलओसी) प्रदान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
बुंदेलखंड का होगा विकास
बीईएल द्वारा चित्रकूट में रडार एवं एयर डिफेंस सिस्टम के लिए अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। एचएलईसी द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद इसे अब कैबिनेट के अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि चित्रकूट में विकसित किए जा रहे रक्षा औद्योगिक गलियारे में में बीईएल को 75 हेक्टेयर भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है। यह परियोजना बुंदेलखंड के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार व इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
