फतेहपुर। Mafia Atiq: मिट्टी में मिल चुके यूपी के माफिया अतीक अहमद के नाम पर अभी भी गुंडागर्दी और दबंगई चल रहे है। ताजा मामला माफिया के बेटे की मौत के बाद उसके दूसरे बेटे अली अहमद के काफिले में शामिल वाहनों पर टोल कर्मियों ने अभद्रता, जान से मारने की कोशिश और बिना टोल दिए निकलने का आरोप लगाया है। एसपी के निर्देश पर सोमवार को कल्यानपुर और खागा थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा के प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आठ अगस्त को दोपहर 2:39 बजे पुलिस अभिरक्षा में अली अहमद को जिला कारागार झांसी से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। उसके पीछे कई वाहन चल रहे थे। टोल कलेक्टर संजय सिंह और सुपरवाइजर कौशलेश सिंह ने काफिले में शामिल वाहनों को टोल शुल्क जमा करने के बाद आगे बढ़ने के लिए कहा। इस पर वाहन चालकों ने जान से मारने की धमकी दी और वाहन से कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की। इसके बाद सभी वाहन बिना टोल शुल्क दिए निकल गए। प्रबंधक की तहरीर पर आठ नंबर वाली और दो बिना नंबर की गाड़ियों समेत कुल 10 वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अतीक के आदमी बताते हुए की गाली-गलौज
खागा थाना क्षेत्र के कटोघन टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने बताया कि इसी दिन अपराह्न करीब 3:38 बजे कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा काफिला लेन नंबर नौ पर पहुंचा। शिफ्ट इंचार्ज और बूथ इंचार्ज ने वाहन रोककर टोल देने को कहा तो, सवारों ने खुद को अतीक के आदमी बताते हुए गाली-गलौज की। आरोप है कि वाहन सवारों ने कहा कि हम अतीक के आदमी हैं और कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इस मामले में 11 वाहनों के सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें एक कार बिना नंबर की बताई गई है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बड़ौरी टोल से आठ वाहनों के नंबर और कटोघन टोल से भी कई वाहन ट्रेस किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में काफिले में करीब 15 वाहन शामिल होने की बात सामने आई है।
आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी होगी
प्रत्येक वाहन में चार से पांच लोगों के सवार होने का अनुमान है। इस आधार पर काफिले में 65 से 70 लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। वाहन नंबरों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश, बलवा, सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाने, धमकी और गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
