आजमगढ़। देश की राजनीति में जहां धनबल और ताकत का दौर है, उसके विपरित अपनी सादगी से जनता के बीच लोकप्रिय रहे सपा विधायक AlamBadi ने बुधवार रात 92 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। बता दें कि उन्होंने आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से पांच बार के विधायक रहे, पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था।
सादगी के थे मिसाल
आलमबदी आजमी को उनकी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा दुख व्याप्त है। उनके निधन की जानकारी उनके सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से दी गई।
शिक्षा और राजनीतिक सफर
16 मार्च 1936 को आजमगढ़ में जन्मे आलमबदी आजमी ने अपना जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने 1953 में इस्लामिया कॉलेज, गोरखपुर से 12वीं की शिक्षा पूरी की और 1956 में टेक्निकल इंस्टीट्यूट, गोरखपुर से इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त किया। राजनीतिक जीवन की बात करें तो आलमबदी ने 1996 से 2007 तक निजामाबाद विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने निजामाबाद सीट से पांचवीं बार विधायक बनकर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके परिवार में छह बच्चे हैं।
आलमबदी आजमी के जनाजे की नमाज गुरुवार शाम 4 बजे जामियातुर रशाद में अदा की जाएगी, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। आलमबदी आजमी की तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। उन्हें 13-14 अप्रैल 2026 को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
सपा अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आलम बदी आजमी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आज़मगढ़ की निज़ामाबाद विधानसभा से लोकप्रिय विधायक जनाब आलम बदी साहब का इंतकाल, अत्यंत दुखद! दिवंगत आत्मा को शांति दें भगवान। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!
सपा सांसद इकरा हसन ने भी एक्स पर पोस्ट कर विधायक आलम बदी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक जनाब आलम बदी आजमी साहब के इंतकाल की खबर बेहद अफसोसनाक है। उनका जाना मिल्लत, समाज और सियासत के लिए एक बड़ा खसारा है। उनकी खदमात और खुलूस को हमेशा याद रखा जाएगा।
