प्रयागराज। Murder of Business Family यूपी के प्रयागराज जिले में मंगलवार को एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई। यहां कारोबारी दंपती और उनके दो बच्चों की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या होने से क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या संपत्ति विवाद में की गई है।
पुलिस के अनुसार शहर के बीचों-बीच साउथ मलाका चौराहा स्थित एक मकान में मंगलवार को दुर्गंध आने पर घर का ताला तोड़ा गया तो कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), पत्नी अनीता (65), बेटी मीनाक्षी (45) और बेटे अभिषेक (40) के शव अलग-अलग कमरे में खून से लथपथ पड़े मिले। चारों के सिर पर गहरी चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में करोड़ों की संपत्ति के लालच में वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई गई है।
छोटे बेटे को किया था संपत्ति से बेदखल
वीरेंद्र कुमार वैश्य साउथ मलाका चौराहा स्थित अपने घर में पत्नी, बेटी और बड़े बेटे के साथ रहते थे। छोटे बेटे अश्वनी को उन्होंने करीब 15 साल पहले संपत्ति से बेदखल कर दिया था। करीब 200 वर्ग गज के इस मकान के भूतल में 14 दुकानें हैं। इनमें 12 किरायेदार हैं। इन दुकानों से हर महीने एक लाख रुपये से अधिक का किराया आता है। एक दुकान अभिषेक की है। दूसरी बेटी मीनाक्षी की है। मीनाक्षी ने हाल ही में गिफ्ट गैलरी के नाम से काम शुरू किया था। इस दुकान पर बेटी के साथ वीरेंद्र भी बैठते थे। वीरेंद्र की पत्नी अनीता बीमारी की वजह से पहली मंजिल पर बने कमरे में रहती थीं।
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर पूरे मकान को खंगाला गया। घर के एक-एक कमरे की स्थिति समझी गई। इस दौरान तीन शव मिलने की बात ही सामने आई। चर्चा होती रही कि बेटा लापता है। इसी बीच पुलिस ने दुकान खुलवाई तो देर शाम बेटे अभिषेक का शव भी पड़ा मिला। उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान थे। चेहरा काला पड़ा हुआ था। उसे पहचानना मुश्किल हो रहा था। आसपास के लोगों से पहचान कराई गई।
