लखनऊ। IPL Betting आईपीएल में सट्टा खेलकर लाखों रुपये हारने से दुखी होकर रियल एस्टेट कारोबारी ने गुरुवार रात कुर्सी रोड स्थित जनेश्वर इन्क्लेव की 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। इससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सट्टे में नुकसान का जिक्र उसने किया हैं। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान प्रबल जैन (32) निवासी महमूदाबाद, सीतापुर के रूप में हुई है। वह पत्नी शिवानी के साथ जनेश्वर इन्क्लेव में ओम प्रकाश श्रीवास्तव के फ्लैट डी-1102 में किराए से रहते थे। शिवानी एक मॉल में ग्राउंड फ्लोर की मैनेजर हैं। दोनों का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था।
मरने से पहले पत्नी को किया फोन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आत्मघाती कदम उठाने से पहले प्रबल ने पत्नी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने यह कदम उठा लिया। बीट प्रभारी दरोगा राहुल द्विवेदी ने बताया कि रात करीब 8:45 बजे प्रबल ने 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी। उस समय परिसर में लोग टहल रहे थे और बच्चे खेल रहे थे। गिरने की तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा मिला, जिससे अफरातफरी मच गई। इसी दौरान पत्नी शिवानी भी मौके पर पहुंच गई और पति की हालत देखकर चीख पड़ी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि फ्लैट की तलाशी के दौरान फॉरेंसिक टीम को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे सील कर दिया गया है। साथ ही दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
दोनों ने किया लवमैरिज
प्रबल जैन और झारखंड के बोकारो निवासी शिवानी की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। यहीं दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और बाद में विवाह कर लिया। इन्क्लेव के निवासियों के मुताबिक, दोनों पिछले साल दिवाली के समय यहां रहने आए थे और लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता ने भी कुछ समय पहले आत्महत्या की थी, जबकि मां का भी निधन हो चुका है।
